लोकसभा में सरकार पर बरसे अखिलेश यादव, कहा-ऑपरेशन सिंदूर में सेना का पराक्रम बेमिसाल, पर सरकार चूक और पीछे हटने का बताए कारण

समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को लोकसभा में ऑपरेशन सिंदूर और पहलगाम आतंकी हमले पर चर्चा के दौरान भारतीय सेना की बहादुरी की जमकर तारीफ की।

उन्होंने कहा कि देश को अपनी सेना पर गर्व है, जिसने ऑपरेशन सिंदूर में न केवल आतंकी ठिकानों को नष्ट किया, बल्कि पाकिस्तान के एयरबेस को भी ध्वस्त कर दिया। उस दौरान मीडिया चैनलों को देखकर ऐसा लगा जैसे कराची और लाहौर पर भारत का कब्जा हो गया और पीओके (पाक अधिकृत कश्मीर) भी जल्द भारत का हिस्सा बन जाएगा।

अखिलेश ने सवाल उठाया कि सरकार ने इतनी मजबूत स्थिति में पीछे हटने का फैसला क्यों लिया। उन्होंने कहा कि देश को उम्मीद थी कि भारत स्वयं युद्धविराम की घोषणा करेगा, लेकिन सरकार ने अपने किसी मित्र से यह घोषणा करवा दी। सत्तापक्ष के उत्तेजक बयानों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि सत्ताधारी जनता की भावनाओं का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन पहलगाम हमले के दौरान सुरक्षा में चूक की जिम्मेदारी लेने से बच रहे हैं।

अखिलेश ने पूछा कि पहलगाम में पर्यटकों की सुरक्षा के लिए कोई सुरक्षाकर्मी क्यों नहीं था। उन्होंने कहा कि पर्यटक सरकार के भरोसे और आश्वासन पर पहलगाम गए थे, फिर भी वहां सुरक्षा में भारी चूक हुई। गृह मंत्री ने इसे खुफिया विभाग की विफलता माना, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया कि यह चूक क्यों और कैसे हुई। अखिलेश ने सरकार से सवाल किया कि भारत के क्षेत्रफल की सटीक जानकारी जनता को क्यों नहीं दी जाती और कुछ लोगों को चाकचौबंद सुरक्षा दी जाती है, जबकि आम पर्यटकों की सुरक्षा की अनदेखी होती है।

उन्होंने सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ आजादी का ढिंढोरा पीटा जा रहा है, तो दूसरी तरफ देश की संप्रभुता पर हमला हो रहा है। समाजवादी सरकारों ने हमेशा असल चुनौतियों को उजागर किया है। अखिलेश ने कहा कि पाकिस्तान के साथ-साथ चीन से भी बड़ा खतरा है, जो सीमाओं पर अतिक्रमण कर रहा है।

उन्होंने सरकार से आर्थिक नीतियों को मजबूत करने, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने और राजनीतिक, आर्थिक व सामाजिक नीतियों की समीक्षा करने की मांग की। उन्होंने जोर देकर कहा कि पाकिस्तान की सीमा से आतंकवाद का खतरा तो बना ही है, लेकिन अन्य सीमाओं, खासकर चीन से, लगातार बढ़ता खतरा भी अनदेखा नहीं किया जा सकता।

LIVE TV