
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक चौंकाने वाला वैवाहिक विवाद सामने आया है। ललौली थाना क्षेत्र के रहने वाले एक युवक की पत्नी ने शादी के महज सात महीने बाद उसे नामर्द बताते हुए साथ रहने से साफ इनकार कर दिया है। वहीं, पीड़ित पति ने अपनी पत्नी पर प्रेमी के साथ संबंधों के चलते साजिश रचने, जहरीला पदार्थ खाने का नाटक करने और ससुराल से लाखों रुपये के जेवर व नकदी लेकर फरार होने का गंभीर आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने कोर्ट के निर्देश पर पत्नी समेत मायके पक्ष के छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार, ललौली थाना क्षेत्र के इस युवक की शादी इसी साल 20 फरवरी को राधानगर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली युवती से हुई थी। पति का कहना है कि शादी के कुछ समय बाद से ही उसकी पत्नी घंटों फोन पर किसी अन्य युवक से बात करती थी। जब भी पति इस बात पर आपत्ति जताता, तो वह भड़क जाती और उसे ताने देते हुए नामर्द कहकर अपमानित करती थी। विवाद इतना बढ़ गया कि उसने पति के साथ वैवाहिक जीवन बिताने से ही इनकार कर दिया।
दोनों परिवारों के बीच बढ़ते तनाव को कम करने के लिए 21 जून को युवक अपनी पत्नी को विदा कराने उसके मायके पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच पंचायत कर मामला सुलझाने की कोशिश की गई। सुलह के बाद पत्नी वापस ससुराल तो आ गई, लेकिन 24 जून को उसने अचानक कुछ जहरीला पदार्थ खाकर हालत बिगड़ने का नाटक किया। घबराए ससुराल वालों ने उसे तुरंत स्थानीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने किसी जहरीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि की।
घटना की सूचना मिलते ही मायके वाले भी अस्पताल पहुंच गए और उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले गए। पति का आरोप है कि उसी दिन अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पत्नी अपने मायके वालों के साथ सीधे ससुराल पहुंची। वहां से उसने मौका पाकर घर में रखे पांच लाख रुपये कीमत के गहने और एक लाख रुपये नकद समेटे और अपने परिवार के साथ मायके चली गई।
लगातार हो रही प्रताड़ना और धोखाधड़ी के बाद पीड़ित पति ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। ललौली थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद राव ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने पत्नी और उसके मायके पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।




