उत्तर प्रदेशजौनपुर

जौनपुर में संपत्ति और पेंशन के विवाद में खूनी संघर्ष: कलयुगी बेटे ने कुल्हाड़ी से काटकर की मां और बहन की नृशंस हत्या

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के नेवढ़िया थाना क्षेत्र स्थित सैदुपुर गांव में शुक्रवार की दोपहर एक पारिवारिक विवाद ने बेहद खौफनाक और रक्तरंजित रूप ले लिया। जमीन के बंटवारे और मां को मिलने वाली पेंशन की रकम को लेकर चल रहे लंबे विवाद के चलते एक युवक ने अपनी 70 वर्षीय बुजुर्ग मां शीतला देवी और बहन गौरा देवी की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या कर दी।

दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी और लगभग दस थानों का भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।

इस खौफनाक वारदात की जड़ें करीब छह साल पुराने एक पारिवारिक फैसले से जुड़ी हैं। बताया जाता है कि मृतका शीतला देवी के पति राजपति पटेल एक सेवानिवृत्त शिक्षक थे, जिनकी छह बेटियां और सबसे छोटा बेटा भूपेंद्र पटेल है। परिवार के सदस्यों के अनुसार, लगभग छह वर्ष पूर्व राजपति पटेल ने अपनी संपत्ति की वसीयत अपनी सबसे छोटी बेटी गौरा देवी के नाम कर दी थी।

इस फैसले के बाद से ही परिवार में कलह शुरू हो गई और मामला कानूनी दांव-पेच तक जा पहुंचा। बाद में जब जमीन का बंटवारा हुआ, तो कुछ हिस्सा बहनों को मिला और शेष हिस्सा मां और बेटे के पास आया। हालांकि, इसके बावजूद जमीन के बचे हुए हिस्से और मां की पेंशन के पैसों पर एकाधिकार को लेकर भूपेंद्र का अपनी मां और बहन के साथ लगातार तनाव बना हुआ था।

शुक्रवार की दोपहर यह तनाव अपने चरम पर पहुंच गया जब घर के भीतर मां, बेटे और बेटी के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आगबबूला होकर आरोपी भूपेंद्र पटेल घर में रखी कुल्हाड़ी उठा लाया और उसने अपनी बुजुर्ग मां शीतला देवी पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अपनी मां को खून से लथपथ देखकर और उन्हें बचाने की नीयत से बेटी गौरा देवी बीच-बचाव करने दौड़ी, लेकिन खून सवार आरोपी ने अपनी बहन को भी नहीं बख्शा। उसने गौरा देवी पर भी कुल्हाड़ी से कई जानलेवा हमले किए, जिसके परिणामस्वरूप उनकी भी सांसें वहीं थम गईं।

इस वीभत्स घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी भूपेंद्र मौके से भागा नहीं, बल्कि वहीं मौजूद रहा। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके ही घर से गिरफ्तार कर लिया और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।

घटनास्थल पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण), क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं और क्षेत्राधिकारी मछलीशहर ने मामले की गहनता से पड़ताल की है। एसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने आधिकारिक बयान में स्पष्ट किया कि यह हत्या लंबे समय से चले आ रहे पारिवारिक और संपत्ति विवाद का ही दुखद परिणाम है। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button