
अजय देवगन की चर्चित फिल्म फ्रेंचाइजी ‘दृश्यम’ के तीसरे और आखिरी भाग का आधिकारिक ऐलान हो गया है। फिल्म का नाम ‘Drishyam The Conclusion’ रखा गया है और यह 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। सोमवार सुबह फिल्म का पहला पोस्टर जारी कर इसकी घोषणा की गई।
अजय देवगन ने फिल्म का पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “मेरा सच, मेरा सही, सिर्फ मेरी फैमिली है।” पोस्टर की यह लाइन एक बार फिर विजय सालगांवकर के उस जज्बे को दिखाती है, जिसमें वह अपने परिवार की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हैं।
‘Drishyam The Conclusion’ हिंदी दृश्यम फ्रेंचाइजी का अंतिम अध्याय होगी। इससे पहले रिलीज हुई दोनों फिल्मों ने अपनी कहानी, रहस्य और विजय सालगांवकर की शानदार प्लानिंग से दर्शकों को बांधे रखा था। फिल्म के टीजर में भी विजय के किरदार की सोच की झलक दिखाई गई थी, जिसमें वह कहते नजर आए कि लोगों ने उन्हें अलग-अलग नाम दिए, लेकिन उनका परिवार ही उनका सच और अधिकार है।
फिल्म में अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर की भूमिका निभाएंगे। उनके साथ तब्बू आईजी मीरा देशमुख के किरदार में वापसी करेंगी, जबकि श्रिया सरन नंदिनी की भूमिका में नजर आएंगी। इसके अलावा राजत कपूर के भी फिल्म का हिस्सा बनने की खबर है।
‘Drishyam The Conclusion’ को स्टार स्टूडियो18 प्रस्तुत कर रहा है और इसका निर्माण पैनोरमा स्टूडियोज ने किया है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं। उन्होंने आमिल कीन खान और परवेज शेख के साथ मिलकर इसकी कहानी भी लिखी है।
अजय देवगन की ‘दृश्यम’ साल 2015 में रिलीज हुई थी, जो मलयालम फिल्म का हिंदी रीमेक थी। इसके बाद साल 2022 में ‘दृश्यम 2’ रिलीज हुई, जिसमें विजय सालगांवकर की कहानी को आगे बढ़ाया गया। अब तीसरे भाग के साथ इस चर्चित फ्रेंचाइजी का समापन होगा।



