
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज शुक्रवार को मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। राजधानी देहरादून के सचिवालय में दोपहर 12:30 बजे शुरू होने वाली इस बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर चर्चा और फैसला होने की उम्मीद है।
यह बैठक आगामी विधानसभा मानसून सत्र की दृष्टि से खास मानी जा रही है। इसमें सत्र की तिथियों और स्थान को लेकर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा उपनल कर्मचारियों को समान कार्य-समान वेतन दिए जाने के मुद्दे पर भी कैबिनेट का फैसला आने की संभावना जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि इस मामले में गठित उप-समिति ने उपनल कर्मचारियों को 1 मार्च 2026 से समान कार्य-समान वेतन का लाभ देने का सुझाव दिया है। कैबिनेट इस सिफारिश पर मुहर लगा सकती है।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग का एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी शामिल हो सकता है। वर्तमान में राजकीय मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस पूरा करने वाले छात्रों को पर्वतीय क्षेत्रों में बांड के तहत तीन साल की सेवा देनी होती है। लेकिन कई डॉक्टर थोड़े समय की सेवा के बाद पोस्ट ग्रेजुएशन के लिए चले जाते हैं, जिससे डॉक्टरों की कमी बनी रहती है।
स्वास्थ्य विभाग ने प्रस्ताव तैयार किया है कि एमबीबीएस छात्रों को कम से कम तीन साल तक अनिवार्य सेवा देनी होगी, तभी उन्हें पीजी के लिए अनुमति मिलेगी। इस प्रस्ताव पर भी मंत्रिमंडल की मंजूरी मिलने की उम्मीद है।



