
शाहजहाँपुर में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने अनोखा ‘ऑन द स्पॉट’ न्याय किया है। शादी का झांसा देकर चार साल तक युवती का शोषण करने वाले सिपाही को एसपी ने पुलिस लाइन के मंदिर में बुलाकर उसकी शादी करवा दी।
मामला हरदोई की एक युवती का है। आरोप है कि शाहजहाँपुर पुलिस लाइन में तैनात सिपाही पिछले चार साल से शादी का वादा करके युवती के साथ संबंध बनाता रहा। जब युवती शादी का दबाव बनाने लगी तो सिपाही ने बात करना बंद कर दिया और वर्दी का दबाव दिखाने लगा।
युवती ने हार नहीं मानी और सीधे नवागत एसपी सौरभ दीक्षित के दरबार में पहुंचकर अपनी आपबीती सुनाई। सबूत देख एसपी ने सिपाही को तुरंत तलब किया। पूछताछ में सिपाही ने अपनी गलती कबूल ली।
एसपी ने युवती के भविष्य को देखते हुए तुरंत फैसला लिया। शनिवार शाम पुलिस लाइन के मंदिर में पुजारी बुलाकर दोनों का विवाह संपन्न करा दिया। साथी पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में सात फेरे पूरे हुए।
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और पूरे पुलिस महकमे में एसपी के इस ‘क्विक जस्टिस’ की चर्चा हो रही है।


