
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महिला आरक्षण बिल को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “पुराना बिल लाएं, हम पूरा समर्थन करेंगे”।
शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा, “कल लोकतंत्र की बड़ी जीत हुई है। यह विपक्षी एकता की सफलता है। सरकार महिला आरक्षण के नाम पर सिर्फ सत्ता बचाने की कोशिश कर रही है। महिलाओं का मसीहा बनना इतना आसान नहीं होता।”
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार महिला के नाम पर राजनीतिक फायदा उठाना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से महिला आरक्षण की पक्षधर रही है, लेकिन इसे मौजूदा सीटों पर ही लागू किया जाना चाहिए।
उन्होंने जोर देकर कहा, “2023 वाला पुराना बिल लाएं, हम उसका समर्थन करेंगे। वर्तमान प्रस्ताव में परिसीमन (डेलिमिटेशन) से जुड़े मुद्दे हैं, जो स्वीकार्य नहीं हैं।”
प्रियंका ने यह भी कहा कि सरकार ने बिल का मसौदा सिर्फ एक दिन पहले सार्वजनिक किया, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर सरकार सही मंशा से महिला सशक्तिकरण चाहती है तो पुराने स्वरूप में बिल लाए, कांग्रेस उसका पूरा साथ देगी।



