
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दुबई में फंसे 164 राज्य के नागरिकों और पर्यटकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मंगलवार को उन्होंने घोषणा की कि दो विशेष फ्लाइट्स की व्यवस्था की गई है, जिनसे ये यात्री शाम तक मुंबई लौट आएंगे।
फ्लाइट्स अचानक कैंसल होने से यात्रियों को काफी परेशानी हुई थी। शिंदे ने खुद इनसे फोन पर बात की और अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा। दुबई में महाराष्ट्र मंडल के संजीव पैठणकर और युवा सेना के राहुल कनाल ने भी टूरिस्ट्स व स्टूडेंट्स की मदद की।
यह घोषणा धूलिवंदन और रंगपंचमी के मौके पर की गई। शिंदे ने राज्यवासियों को त्योहार की शुभकामनाएं दीं और देवी जगदंबा से सबके जीवन में स्वास्थ्य, खुशी व समृद्धि की कामना की। उन्होंने किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और वरिष्ठ नागरिकों के सुखी जीवन की इच्छा जताई।
शिंदे ने बालासाहेब ठाकरे और धर्मवीर आनंद दिघे को श्रद्धांजलि दी। ठाणे को “त्योहारों की पंढरी” बताते हुए कहा कि दिघे ने गणेशोत्सव, नवरात्रि, होली जैसी परंपराओं को मजबूत किया।
इस बार त्योहारों में थोड़ी उदासी है, क्योंकि पूर्व डिप्टी सीएम अजीत पवार का निधन हुआ और शिवसेना के कुछ कार्यकर्ताओं के परिवारों में दुखद घटनाएं हुईं। इसलिए होली-धूलिवंदन को सादगी से मनाने का फैसला लिया गया।
शिंदे ने अपील की कि लोग प्राकृतिक रंगों का ही इस्तेमाल करें। सरकार की केमिकल रंगों से बचने की मुहिम को लोगों ने अच्छा रिस्पॉन्स दिया, जिससे इस साल केमिकल रंगों का उपयोग काफी कम हुआ है।



