
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई, शमखानी और पाकपुर तेहरान पर अमेरिका और इज़राइल के समन्वित हमलों में मारे गए। ईरानी सशस्त्र बलों के अन्य कमांडर भी शहीद हो गए। इसके जवाब में, ईरान ने घोषणा की कि वह मध्य पूर्व में अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाएगा। ईरानी अधिकारियों ने अपने इस कदम को शीर्ष नेताओं की मृत्यु के बाद “मजबूत और निर्णायक प्रतिक्रिया” का हिस्सा बताया। इस पर डोनाल्ड ट्रम्प ने अपने सत्यापित सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया, “ईरान ने अभी कहा है कि वे आज बहुत जोरदार हमला करने वाले हैं, जितना उन्होंने पहले कभी नहीं किया। लेकिन उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए, क्योंकि अगर उन्होंने ऐसा किया, तो हम उन पर ऐसी ताकत से हमला करेंगे जो पहले कभी नहीं देखी गई।
हालांकि, इन हमलों की खाड़ी देशों ने कड़ी आलोचना की है और सभी प्रकार के संघर्षों को समाप्त करने का आह्वान किया है। कई यूरोपीय देशों ने भी सभी पक्षों से बातचीत के माध्यम से मतभेदों को सुलझाने का आग्रह किया है। वे जल्द ही एक आपातकालीन बैठक भी बुला सकते हैं। भारत ने भी मध्य पूर्व की स्थिति पर गहरी चिंता व्यक्त की है और कहा है कि वह स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है। भारत ने क्षेत्र में रहने वाले अपने सभी नागरिकों को अनावश्यक यात्रा से बचने और क्षेत्र में स्थित भारतीय दूतावासों के संपर्क में रहने की सलाह दी है।
ईरान के सरकारी मीडिया ने रविवार को बताया कि तेहरान में कई जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई है। ये खबरें तब आई हैं जब इजरायल ने कहा है कि उसने हमलों की एक और लहर शुरू की है। इजरायल की सेना ने कहा कि उसने रविवार सुबह ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल और हवाई रक्षा प्रणालियों को निशाना बनाया। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने हाल ही में हुए उन हमलों के लिए देश की सेना और बेंजामिन नेतन्याहू की सार्वजनिक रूप से सराहना की, जिनमें कथित तौर पर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए थे।



