
ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के बीच ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हालिया दावों पर तीखा हमला बोला है।
गालिबाफ ने कहा, “अमेरिका के राष्ट्रपति ने एक घंटे में सात दावे किए, जिनमें से सभी सात झूठे हैं। इन झूठों से उन्होंने न तो युद्ध जीता है और न ही बातचीत में कोई सफलता मिलेगी।”
गालिबाफ ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका ईरानी बंदरगाहों पर अपनी नाकेबंदी जारी रखता है तो होरमुज जलडमरूमध्य खुला नहीं रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों की आवाजाही केवल ईरान द्वारा अनुमोदित ‘निर्धारित रूट’ से ही होगी। यह फैसला सोशल मीडिया या दावों से नहीं, बल्कि मैदान की वास्तविक स्थिति के आधार पर लिया जाएगा।
ट्रंप ने हाल ही में दावा किया था कि होरमुज जलडमरूमध्य पूरी तरह खुल गया है और ईरान के साथ बातचीत अच्छी चल रही है। ईरान इन दावों को पूरी तरह खारिज कर रहा है।
यह तीखा पलटवार ऐसे समय में आया है जब दोनों देश परमाणु मुद्दे, नाकेबंदी और क्षेत्रीय सुरक्षा को लेकर गतिरोध में फंसे हुए हैं।



