
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मणिपुर दौरे की अपील की है। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि पीएम आज असम में विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण कर रहे हैं, जबकि मणिपुर सिर्फ एक घंटे की दूरी पर है और 2023 से लगातार हिंसा की चपेट में है।
खेड़ा ने व्यंग्य करते हुए लिखा, “पोल-बाउंड राज्य हमेशा आपकी प्राथमिकता रहते हैं, लेकिन मणिपुर को मत छोड़िए। राज्य 2023 से जल रहा है और फिर जल रहा है।” उन्होंने कहा कि पीएम की मौजूदगी मणिपुर के लोगों में भरोसा पैदा कर सकती है।
सबसे बड़ा तंज यह कि कांग्रेस ने पीएम के लिए गुवाहाटी से इम्फाल का फ्लाइट टिकट बुक कर लिया है। खेड़ा ने लिखा, “आपके नंबर नहीं होने के कारण टिकट यहां शेयर कर रहा हूं। बस प्लेन में चढ़ जाइए और दिखाइए कि ‘PM CARES’।”
यह पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है। समर्थक पीएम के मणिपुर दौरे की मांग बढ़ा रहे हैं, जबकि आलोचक कांग्रेस के लहजे पर सवाल उठा रहे हैं। मणिपुर में 2023 से चली आ रही हिंसा और तनाव को लेकर विपक्ष बार-बार केंद्र पर हमला बोल रहा है।
पीएमओ की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।



