
बारिश का दौर थमने के साथ ही उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9-10 नवंबर को पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर की चेतावनी जारी की है।
इन इलाकों में रात का तापमान सामान्य से 4-7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे रहेगा, कई जगहों पर 10 डिग्री से कम दर्ज हो सकता है। दक्षिणी पंजाब, दक्षिणी हरियाणा में भी गंभीर ठंड का असर दिखेगा, जबकि दिल्ली, पूर्वी एमपी, पश्चिमी राजस्थान, उत्तरी महाराष्ट्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तापमान 2-4 डिग्री कम रहेगा।
पहाड़ों से आ रही उत्तर-पश्चिमी हवाओं ने मैदानों को ठिठुरना शुरू कर दिया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के ऊपरी इलाकों में ताजा बर्फबारी से ठंडी हवाएं यूपी, बिहार तक पहुंच रही हैं। IMD का कहना है कि अगले 6-7 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में रात का तापमान सामान्य से 2-5 डिग्री कम बना रहेगा। सुबह-शाम कोहरा छाने से विजिबिलिटी कम हो रही है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है।
दिल्ली-एनसीआर: सुबह हल्का कोहरा, दिन में आसमान साफ। न्यूनतम तापमान 10-12 डिग्री, अधिकतम 25-27 डिग्री के आसपास। 9-11 नवंबर तक सुबह धुंध/कोहरा, उसके बाद हल्की धुंध। ठंडी हवाएं 20 किमी/घंटा तक चलेंगी, जिससे सिहरन बढ़ेगी।
उत्तर प्रदेश: पश्चिमी यूपी में ठंड तेज, तापमान सामान्य से 2-4 डिग्री कम। पूर्वी यूपी में शुष्क मौसम, लेकिन सुबह घना कोहरा। रात में 2-3 डिग्री और गिरावट संभव।
बिहार: मौसम मुख्य रूप से शुष्क, सुबह घना कोहरा। न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री की कमी, ठंड का एहसास बढ़ेगा।
उत्तराखंड: देहरादून में न्यूनतम 11 डिग्री तक गिरावट। ऊपरी इलाकों में बर्फबारी जारी, निचले क्षेत्रों में सर्द हवाएं और कोहरा।
हिमाचल प्रदेश: पश्चिमी विक्षोभ से ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी/बारिश। निचले इलाकों में कोहरा और ठंडी हवाएं।
दक्षिण भारत में उलटा मौसम: तमिलनाडु, केरल, माहे, पुडुचेरी में 9-13 नवंबर तक हल्की-मध्यम बारिश, गरज के साथ बिजली गिरने की संभावना। 9 नवंबर को अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट।





