
माया नगरी मुंबई से लखनऊ आई विवाहिता के एक रिश्तेदार ने नहाते हुए वीडियो बना लिया। इसके बाद वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर विवाहिता के साथ कई बार दुष्कर्म किया। विवाहिता मुंबई लौटी और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। वहां से जांच को गाजीपुर थाने में स्थानांतरित करने के बाद पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गाजीपुर इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पीड़िता अपने पति के साथ मुंबई में रहती है। हाल ही में वह गाजीपुर स्थित अपने ससुराल आई थी। यहां घर में नहाने के दौरान रिश्तेदार युवक ने उसका गुपचुप तरीके से अश्लील वीडियो बना लिया और पीड़िता को कई बार ब्लैकमेल किया।

इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पीड़िता ने 30 सितंबर को मुंबई के वनराई थाने में आरोपी रिश्तेदार पवन कुमार त्रिपाठी निवासी इंदिरानगर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना की लोकेशन लखनऊ का गाजीपुर थाना क्षेत्र होने की वजह से मुंबई पुलिस ने जांच को यहां ट्रांसफर कर दिया। गाजीपुर के एचएएल चौकी के प्रभारी कपिल कुमार राणा ने मामले की जांच की और आरोप सही पाये जाने पर आरोपी पवन कुमार त्रिपाठी को शनिवार सुबह जुगौली चौराहे से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।