आज यानी रविवार को देश के कुल पांच राज्यों की राजनीति का परिणाम आने वाला है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल की 292, केरल की 140, तमिलनाडु की 234 और पुडुचेरी की 30 सीटों पर हुए मतदान के नतीजों पर से पर्दा उठने वाला है। वहीं राजनेताओं के साथ ही इन परिणामों का आम जनता को भी बेसब्री से इंतजार है। अब देखना यह होगा कि क्या बंगाल में दीदी भाजपा को मात देकर अपना वर्चस्व दिखा पाएंगी? और क्या असम में इस बार भी भाजपा सरकार के लिए रास्ता साफ है या फिर कांग्रेस कुछ कमाल कर पाएगी? बस कुछ ही देर में सब कुछ पता लग जाएगा।

इसी कड़ी में पश्चिम बंगाल से मतगणना के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जानकारी के लिए आपको बता दें कि बंगाल में टीएमसी ने रुझानों में 200 का आंकड़ा पार कर लिया है। ताजा आंकड़े के अनुसार टीएमसी 206 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं भाजपा की बढ़त घटकर 83 सीटों पर पहुंच गयी है। इसी के साथ सबसे बुरा हाल अगर किसी का है तो वह लेफ्ट और कांग्रेस गठबंधन का है। रुझानों पर बात करें तो गठबंधन सिर्फ एक सीट पर आगे चल रहा है। जबकि दो सीटों पर अन्य उम्मीदवार आगे हैं। ऐसे में बंगाल में सीएम ममता बनर्जी का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है लेकिन अब देखना यह होगा कि अंत में जीत किसकी होती है?
