खराब मौसम के चलते रोकी गई कैलाश मानसरोवर यात्रा, फंसे 55 श्रद्धालु

अनिल सनवाल 

अल्मोड़ाविश्व प्रसिद्ध कैलाश मानसरोवर यात्रियों का छटा दल मंगलवार को अल्मोड़ा में ही रोक दिया गया। सोमवार की देर शाम अल्मोड़ा पहुंचे इस दल को मंगलवार को सुबह पिथौरागढ़ को रवाना होना था।

कैलाश मानसरोवर

पिथौरागढ़ से गुंजी तक यात्रियों को हेलीकॉप्टरों से भेजा जाना है लेकिन मौसम की खराबी की वजह से हेलीकॉप्टर अपनी उड़ान नहीं भर पाया। जिसके कारण मानसरोवर यात्रियों के छटे दल को अल्मोड़ा में ही रोक दिया गया।

यह भी पढ़ें:- सप्लाई इंस्पेक्टर को बंद कमरें में बात करना पड़ा महंगा, लोगों ने दौड़ा-दौड़ा कर पीटा

मानसरोवर यात्रियों के छटे दल में दो लाइजिनिंग ऑफिसर मिलाकर कुल 55 यात्री शामिल है। इनमें 12 महिलाएं एवं 43 पुरुष यात्री है। इस यात्रा दल में देशभर के 13 राज्यों के लोग शामिल है।

दल में आंध्र प्रदेश, कर्नाटक व केरल से तीन-तीन, दिल्ली, मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र से पांच-पांच, गुजरात, हरियाणा, राजस्थान एवं उत्तर प्रदेश से छह-छह, तेलंगाना से चार, तमिलनाडू से दो तथा पांडेचेरी से एक यात्री शामिल है।

अल्मोड़ा में रुके मानसरोवर यात्रियों ने मंगलवार को शहर का भ्रमण किया। इस दौरान जहां उन्होंने बाजार में खरीददारी की वहीं ऐतिहासिक नंदा देवी मंदिर के दर्शन किये व पूजा अर्चना की।

दल के लाइजिनिंग ऑफिसर ने बताया कि इससे पूर्व के पांचवें दल पिथौरागढ़ से गुंजी अभी तक नहीं पहुंच पाया है। उन्होंने बताया कि जब तक एयरफोर्स का हेलीकॉप्टर पांचवें दल को पिथौरागढ़ से गुंजी नहीं पहुंचा देता तब तक छटा दल आगे नहीं बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि इस यात्रा को बड़ी सावधानी से चलाया जा रहा है। इसमें जरा भी लापरवाही हुई तो उसका नुकसान भी उठाना पड़ सकता है। इसलिए सही निर्णय लेकर यात्रा दल को रोका गया है।

यह भी पढ़ें:- एएमयू में दलितों को आरक्षण दिलाने के लिए सांसद ने वीसी को लिखा खत

यात्रियों में मानसरोवर यात्रा को लेकर काफी उत्साह है। यात्रा को लेकर उत्साहित श्रद्वालुओं का कहना है कि मौसम खराबी का कारण बता कर यात्रा को अल्मोडा में रोका गया है। यात्रा चाहे कभी भी शुरू हो हम पूरी कर के जाएंगे।

उनका कहना है कि बड़ी आस्था और विश्वास के साथ इस यात्रा को करने के लिए निकले है, भगवान भोलेनाथ हमारी सुनेगे और हमें अपने दरबार में अवश्य बुलायेंगे व हम उनके दर्शन करके ही वापस लौटेंगे।

देखें वीडियो:-

LIVE TV