
मोहाली। श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया के कप्तान बनाए गए रोहित शर्मा ने दूसरे मैच में नया इतिहास रच दिया है। रोहित ने इस मुकाबले में अपने वनडे करियर का तीसरा दोहरा शतक लगाने के साथ-साथ कई और रिकार्ड्स भी अपने नाम किये हैं।
श्रीलंका के खिलाफ रोहित के बल्ले ने उगली आग, जड़ा तीसरा दोहरा शतक
रोहित ने मोहाली के आई.एस. बिन्द्रा स्टेडियम में 153 गेंदों में 12 छक्कों और 13 चौकों की मदद से नाबाद 208 रनों की शानदार पारी खेली है।
रोहित के अलावा, शिखर धवन (68) और श्रेयस अय्यर (88) ने भी अर्धशतकीय पारियां खेंली। इसके दम पर मेजबान टीम ने श्रीलंका को 393 रनों का लक्ष्य दिया है।
रोहित के रिकार्ड्स :-
रोहित शर्मा ने अपनी आज की पारी की मदद से खेल के इस प्रारूप में दोहरा शतक लगाने वाले पहले कप्तान बन गए हैं। रोहित का यह श्रीलंका के खिलाफ दूसरा और कुल तीसरा दोहरा शतक है।
रोहित ने इससे पहले वनडे इतिहास का सर्वोच्च स्कोर 264 श्रीलंका के खिलाफ ही कोलकाता में 13 नवंबर 2014 को बनाया था। इसके अलावा रोहित ने आस्ट्रेलिया के खिलाफ दो नवंबर 2013 को बेंगलुरू में 209 रनों की पारी खेली थी।
यह रोहित का इस साल छठा 100 रन या उससे ज्यादा का स्कोर है।
विराट कोहली ने भी इस साल छह शतक जड़े हैं। वहीं सचिन तेंदुलकर ने 1996 में एक साल में छह शतक जड़े थे। हालांकि सचिन के नाम एक साल में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकार्ड है।
सचिन ने 1998 में नौ शतक जड़े थे। सचिन ने ही वनडे में पहला दोहरा शतक लगाया था।
रोहित के तीन दोहरे शतकों को मिलाकर वनडे में कुल सात दोहरे शतक लगे हैं। बाकी के चार दोहरे शतक सचिन तेंदुलकर (200), मार्टिन गुप्टिल (237), वीरेंद्र सहवाग (219), क्रिस गेल (215) ने लगाए हैं।
रोहित शर्मा ने इस साल जितनी भी सीरीज और टूर्नामेंट खेले हैं उसमे शतक जरूर जमाया है।
रोहित ने चैंपियंस ट्रॉफी में 123*, श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 124* और 104, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 125, न्यूजीलैंड के खिलाफ 147 और श्रीलंका दौरे में 108* रन की पारी खेली है।
इसके अलावा रोहित ने अपने वनडे करियर का तीसरा दोहरा शतक लगाया है। अंतरराष्ट्रीय वनडे क्रिकेट में तीन बार 200 से ज्यादा रन बनाने वाले रोहित शर्मा दुनिया के इकलौते बल्लेबाज हैं।