प्रदेश में खुलेंगे 12 थाने व 23 नई चौकियां

प्रदेशदेहरादून। प्रदेश में जल्द ही 12 नए थाने और 23 चौकियां खुलने जा रही हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय में हुई बैठक के बाद अब दिशा में तैयारी चल रही है। इसके लिए जल्द ही पुलिस मुख्यालय की ओर से शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। इसमें अहम यह कि नए थानों में से चार माओवाद प्रभावित इलाकों में खुलेंगे। इसके अलावा अल्मोड़ा, बागेश्वर व नैनीताल के राजस्व क्षेत्रों में खुले पुलिस थानों में नए गांव भी शामिल किए जाएंगे।

प्रदेश में माओवाद की बढ़ती धमक और तेजी से हो रहे शहरीकरण के चलते सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए नए थाने खोलना अनिवार्य हो गया है। हाल ही में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर की गई बैठक में नए थाने खोलने, पुरानी बड़ी चौकियों को थानों में परिवर्तित करने के साथ ही राजस्व क्षेत्रों में बने थानों की सीमा नए गांवों तक विस्तारित करने पर गहन मंथन हुआ था। बैठक में बढ़ते माओवाद के मद्देनजर इनके प्रभाव वाले राजस्व इलाकों में थाने खोलने पर भी सहमति जताई गई।

दरअसल, प्रदेश में लंबे समय से माओवादी संगठनों की उपस्थिति दर्ज होती रही है। हाल ही में कुछ स्थानों पर माओवादियों ने प्रदेश में शराब को लेकर हुए आंदोलन में भी उकसाने वाले पर्चे बांटे हैं। इससे पहले विधानसभा चुनाव के दौरान भी माओवादियों ने चुनाव बहिष्कार के नारे लिखे पर्चे कई स्थानों पर चस्पा किए थे। इसी वर्ष एक फरवरी को नैनीताल के धारी ब्लाक में चुनाव बहिष्कार और जनयुद्ध छेड़ने जैसे पर्चे चस्पा किए गए थे।

मामला राजस्व क्षेत्र में होने के कारण पुलिस को कार्यवाही करने में खासी परेशानी का सामना करना पड़ा था। मुख्यमंत्री ने भी इस मामले में चिंता जताई। बैठक में यह सहमति भी बनी कि जरूरत के हिसाब से सरकार इस दिशा में कदम उठाएगी।

मुख्यमंत्री ने इसके लिए पुलिस मुख्यालय को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए थे। अब इस दिशा में कवायद शुरू कर दी गई है। पुलिस मुख्यालय की ओर से इसके लिए शासन में प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जल्द ही इसके लिए अनुमति मिलने की संभावना जताई जा रही है।

LIVE TV