
नई दिल्ली। एयर इंडिया ने शिवसेना सांसद रवींद्र गायकवाड़ पर से यात्रा प्रतिबंध हटा लिया है। पिछले महीने एयर इंडिया की एक अधिकारी पर हमला करने के बाद विमानन कंपनी ने गायकवाड़ की कई बुकिंग रद्द कर दी थी।
आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, नागरिक उड्डयन मंत्रालय द्वारा विमानन कंपनी को पत्र लिखे जाने के बाद यह प्रतिबंध हटाया गया है। इसके एक दिन पहले गायकवाड़ ने 23 मार्च की घटना के लिए खेद जताया था।
सूत्रों ने कहा कि सांसद द्वारा यह आश्वासन दिए जाने के बाद कि इस तरह की घटनाएं फिर नहीं होंगी, मंत्रालय ने प्रबिबंध हटाने का निर्णय लिया।
मालूम हो कि, गुरुवार को जयंत सिन्हा, सेक्रेटरी और एयर इंडिया के सीएमडी की दो घंटे बैठक चली थी। उसके बाद फिर गायकवाड़ ने विमानन मंत्री गजपति राजू को चिट्ठी लिखकर घटना पर खेद जताया था। इसके बाद आज बैन लगने के 15 वें दिन उसको हटा लिया गया।
इससे पहले एयर इंडिया ने एक बार फिर आज सुबह सांसद रवींद्र गायकवाड़ का टिकट रद्द कर दिया था। वेबसाइट से शुक्रवार सुबह 5 बजे बुकिंग की गई थी। दो टिकटें रद्द की गई हैं जिनमें से 17 अप्रैल का दिल्ली से मुंबई का टिकट था और 24 अप्रैल का मुंबई से दिल्ली का टिकट था। इन दोनों को ही रद्द कर दिया गया। उधर, गायकवाड़ मुद्दे पर शिवसेना आक्रामक नजर आ रही है। शिवसेना ने एनडीए की बैठक का बहिष्कार करने की धमकी भी दी थी। हालांकि इसके बाद सांसद गायकवाड़ ने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री अशोक गजपति राजू को पत्र लिखकर ‘दुर्भाग्यपूर्ण घटना’ पर ‘खेद’ जताया।