
नई दिल्ली। हज बैतुल्लाह-2017 पर जाने वाले यात्रियों को अब हज यात्रा पर जाने के लिए अपनी जेब अधिक ढीली करनी पड़ेगी। इसका कारण सउदी अरब करेंसी रियाल की कीमत में इजाफा, ट्रांसपोर्ट और कुर्बानी की रकम के आधार पर विमान का किराया बढ़ेगा।
प्रदेश हज कमेटी के प्रवक्ता ने बताया कि इस बार हज यात्रियों के विमान के किराये में 10 हजार रुपये से ज्यादा की बढ़ोतरी होगी। बीते वर्ष प्रथम श्रेणी (ग्रीन) में 2.20 लाख रुपये और द्वितीय श्रेणी (अजीजिया) में 1.85 लाख रुपये हज यात्रियों को खर्च करने पड़े थे। सउदी अरब की करेंसी रियाल, हज के दौरान ट्रांसपोर्ट और कुर्बानी के जानवर की रकम बढ़ने से इस बार की हज यात्रा महंगी हो गई है।
कोल्हान से 537 हज यात्री
प्रदेश हज कमेटी के सदस्य हाजी महमूद ने बताया कि राज्य हज कमेटी ने कोल्हान से 221 कवर में 537 (280 पुरुष और 257 महिला) यात्री हज पर जाएंगे। पूर्वी सिंहभूम से 190 कवर में 452 (237 पुरुष, 215 महिला), पश्चिमी सिंहभूम से 14 कवर में 43 (22 पुरुष, 21 महिला) और सरायकेला-खरसावां से 17 कवर में 42 (21 पुरुष, 21 महिला) यात्री शामिल किए गए हैं।
पासपोर्ट 21 अप्रैल तक जमा
केंद्रीय हज कमेटी मुंबई ने हज यात्रियों को 21 अप्रैल तक पासपोर्ट जमा करने का निर्देश दिया है। हज यात्रियों को पासपोर्ट पे-इन स्लिप और मेडिकल सर्टिफिकेट के साथ जमा करने होंगे। पहली किस्त की राशि करीब 82 हजार रुपये 13 अप्रैल तक जमा करनी होगी।