8 माह के बच्चे पर बंदूक तान,बदमाशों ने की 8 लाख लूट

लखनऊ। यूपी की कानून- व्यवस्था को लेकर लगातार सीएम योगी सख्त फैसले ले रहे है उसके बावजूद यूपी में एक के बाद एक हिंसक वारदातों से कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में बदमाशों के हौसले बहुत बढ़ गए है जिससे वह ताबड़तोड़ पूरे प्रदेश में लूट, हत्या, डकैती, छिनैती और बलात्कार की घटनाएं आई हैं। गोरखपुर में बच्चे के अपहरण व हत्या के कुछ ही घण्टों बाद गाजियाबाद में असलहों से लैस रहे बदमाशों ने एक घर पर धावा बोला। लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाशों ने कई घण्टे तक जमकर तांडव मचाया। 8 माह के बच्चे पर बंदूक तान कर घर वालों को धमकाया। महिलाओं को बंधक बनाकर अभद्रता की। उनके साथ मारपीट की गयी। डकैत घर से करीब 8 लाख के गहने, एक लाख कैश और कीमती सामान उठा ले गए।

गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र के सेक्टर-8, चिरंजीव विहार में रहने वाले किसान भोपाल शर्मा (70) ने मंगलवार सुबह पुलिस को घटना की तहरीर दी। भोपाल शर्मा के अनुसार बदमाश सोमवार-मंगलवार की रात करीब 10:30 बजे घुसे। पीड़ित ने बताया कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था। घर उसकी दो विवाहित बेटियां, दामाद व उनके बच्चे सो रहे थे। हथियार बंद 4 से 5 बदमाशों ने आराम से पूरे घर को खंगाला। सुबह तड़के बदमाश भाग निकले।गोपाल शर्मा के अनुसार बदमाश 8 लाख रुपए के जेवरात, एक लाख रुपए की नगदी व कीमती सामान भी लूट ले गए।

पीडित ने पुलिस को दी तहरीर में किसी नजदीकी का हाथ होने का आरोप लगाया है। भोपाल शर्मा ने अपने दिवंगत बेटे के साले पर आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार डकैती के वक्त बदमाश कान में लगाए हुए माइक्रोफोन पर किसी से बात कर रहे थे। अपने इस शक पीछे बुजुर्ग भोपाल शर्मा ने कई वजहें भी बताई हैं।

गाजियाबाद के एसएसपी कलानिधि नैथानी ने बताया कि परिजनों के अनुसार बदमाश आठ लाख के गहने व एक लाख रुपए नगद लूट ले गए हैं। घर में लगे सीसीटीवी कैमरे खराब हैं। आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। डकैतों के कुछ फुटेज मिले भी हैं। वारदात को अंजाम देने वाले 5-6 हथियारबंद लोग थे।

LIVE TV