5 राज्यों की 51 सीटों पर आज हो रहा है मतदान, 673 प्रत्याशियों की किस्मत का होगा फैसला

लोकसभा चुनाव 2019 के पांचवें चरण में देश की 51 सीटों पर आज वोटिंग होगी। इन सीटों पर भाग्य आजमा रहे 673 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला करीब दो करोड़ 47 लाख मतदाता करेंगे।
5पांचवें चरण का मतदान

पांचवें चरण में लखनऊ समेत यूपी की 14 सीटों पर मतदान होगा। लखनऊ के अलावा अमेठी, रायबरेली, सीतापुर, धौरहरा, मोहनलालगंज, बांदा, फतेहपुर, कौशांबी, बाराबंकी, केसरगंज, फैजाबाद, बहराइच और गोंडा की सीट पर 181 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है।

यूपी के अलावा बिहार की 5 सीटों पर 82, जम्मू-कश्मीर की 2 सीटों पर 22, मध्य प्रदेश की 7 सीटों पर 110, राजस्थान की 12 सीटों पर 134, झारखंड की 4 सीटों पर 61 और पश्चिम बंगाल की 7 सीटों पर 83 उम्मीदवारों की परीक्षा होगी।

पिछले चरणों के मुकाबले इस बार सबसे ज्यादा 12 फीसदी महिला उम्मीदवार भी मैदान में हैं। 51 में से 20 सीटों को रेड अलर्ट जोन में रखा गया है यानी इन पर किस्मत आजमा रहे 3 या उससे अधिक उम्मीदवारों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पांचवें चरण के साथ ही लोकसभा की 425 सीटों के लिए मतदान पूरा हो जाएगा। शेष बची 118 सीटों पर अगले दो चरण में मतदान होगा।

ये दिग्गज मैदान में-

राजनाथ सिंह (लखनऊ), सोनिया गांधी (रायबरेली), राहुल गांधी (अमेठी), स्मृति ईरानी (अमेठी), पूनम सिन्हा (लखनऊ), जयंत सिन्हा (हजारीबाग), राज्यवर्धन सिंह राठौड़ (जयपुर ग्रामीण), कृष्णा पूनिया (जयपुर ग्रामीण), अर्जुनराम मेघवाल (बीकानेर)।
LIVE TV