
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहली बार एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी जीतने पर भारतीय महिला हॉकी टीम को बधाई दी। भारत ने शनिवार को सिंगापुर में चीन को 2-1 से मात देकर खिताबी जीत हासिल की थी।
प्रधानमंत्री ने ट्विटर पर महिला टीम को बधाई देते हुए कहा, “हमारी महिला हॉकी टीम को एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी-2016 का खिताब जीतने के लिए बधाई। यह भारतीय हॉकी के लिए बेहतरीन पल है।”
पहली बार एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी महिला हॉकी टीम को बधाई देते हुए कहा, “यह जीत एशिया हॉकी में भारत के वर्चस्व को दर्शाती है।”
सोनिया ने सभी महिला हॉकी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए इस जीत को राष्ट्रीय खेल में एक अविस्मरणीय योगदान करार दिया। इससे पहले, दिवाली पर पुरुष हॉकी टीम ने भी दूसरी बार एशियन चैम्पियंस ट्रॉफी का खिताब जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था।