हिसार: संतुलन बिगड़ने पर पेड़ से टकराई बोलेरो

हिसार| हांसी के गांव जमालपुर के उमेद की शादी कुरुक्षेत्र के शांतिनगर की मनीता के साथ मंगलवार को ही हुई थी| सुबह विदाई के बाद करीब 6 बजे वह नई-नवेली दुल्हन को घर पहुंचा| घर में खुशी का माहौल था, लेकिन उसे क्या पता था कि अचानक इस तरह उसके परिवार और ससुराल दोनों तरफ की खुशियां मातम में बदल जाएगी|

शाम करीब साढ़े 3 बजे जब अपनी ही बोलेरो जीप में उमेद अपनी पत्नी मनीता, साले विनोद, जीजा रोशन और दो अन्य रिश्तेदारों के साथ पगफेरे की रस्म के लिए मनीता को लेकर उसके मायके कुरुक्षेत्र जा रहा था तभी जींद रोड पर स्थित गांव गंगनखेड़ी के पास अचानक उसका गाड़ी से नियंत्रण खो गया और यह पेड़ से जा टकराई|

हादसे में उमेद, उसके जीजा रोशन और साले विनोद की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं नई-नवेली दुल्हन मनीता सहित बाकी तीनों लोग घायल हो गए| सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को यहां के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते तीनों को हिसार रैफर कर दिया गया|

प्रस्तुति- रवि गिरि

LIVE TV