हाथरस : बेटी से छेड़छाड़ का मुकदमा वापस न लेने पर पिता को गोलियों से भूना

यूपी के हाथरस के सासनी क्षेत्र के गांव नौजरपुर में एक पिता को अपनी बेटी के साथ हुई छेड़छाड़ के खिलाफ केस दर्ज करवाना महंगा पड़ गया है। 2018 में दर्ज छेड़छाड़ का मुकदमा वापस न लेने पर सोमवार को खेत में आलू की खुदाई करवा रहे एक किसान की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना के बाद मृतक की पुत्री ने 4 नामजद समेत छह लोगों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर 2 आरोपियों की गिरफ्तारी की गयी है।

पुलिस ने बताया कि मृतक ने मुख्य अभियुक्त पर आज से ढाई साल पहले छेड़खानी का मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके लिए वह एक माह जेल भी गया था। आरोपी की मृतक की पत्नी और मौसी की दो बेटियों से कहासुनी भी हुई थी। जिसके बाद आरोपी और मृतक में बहस हो गयी। उसने परिवार के ही कुछ लड़कों को बुलाकर उन पर गोली चला दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नौजरपुर निवासी अमरीष शर्मा अपने खेतों पर मजदूरों से आलू की खुदाई का काम कर रहे थे। दोपहर में उनकी पत्नी अपनी बेटी के साथ उनको खाना देने के लिए गयी हुई थी। इसी दौरान आरोपी गौरव अपने साथियों के साथ सफेद रंग की गाड़ी में आया और उसने फायरिंग शुरु कर दी। गोलियों से घायल होकर अमरीष वहीं गिर गया। जिसके बाद अफरातफरी का माहौल देखा गया।

खेत में काम कर रहे मजदूर भी इस दौरान जान बचाने के लिए इधर उधर छिप गये। वहीं सूचना मिलने पर गांव के लोग वहां इकट्ठा हो गये। आनन फानन में परिजन अमरीष को इलाज के लिए अस्पताल ले गयें। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

LIVE TV