मोदी कैबिनेट में बड़ा फेरबदल, स्मृ‍ति ईरानी को सौंपा गया सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय

स्मृ‍ति ईरानीनई दिल्‍ली। वेंकैया नायडू ने केंद्रीय मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में उनके ऊपर जो जिम्मेदारियां थी वह भी किसी और के कंधे पर आ गई हैं। मिल रही जानकारी के मुताबिक, शहरी विकास मंत्रालय का पदभार नरेंद्र सिंह तोमर और सूचना एंव प्रसारण का अतिरिक्त प्रभार स्मृति ईरानी को दिया गया है। स्मृति ईरानी के पास पहले से कपड़ा मंत्रालय है।

इससे पहले वह मानव संसाधन विकास मंत्रालय की मंत्री थीं। वेंकैया नायडू को एनडीए ने उप राष्ट्रपति पद के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस वजह से उन्होंने मंत्री पद से इस्तीफा दिया।

मनोहर पर्रिकर के गोवा का मुख्यमंत्री बनने के बाद से रक्षा मंत्रालय का जिम्मा वित्त मंत्री अरुण जेटली के पास है और अनिल माधव दवे के निधन के बाद से पर्यावरण मंत्रालय का अतिरिक्त जिम्मा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री हर्ष वर्धन के पास है। उपराष्ट्रपति पद के लिए वेंकैया नायडू की उम्मीदवारी की घोषणा सोमवार को एनडीए की ओर से कर दी गई है।

बीजेपी के सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय मंत्रिपरिषद में संसद के मॉनसून सत्र के बाद एक फेरबदल की उम्मीद है और कुछ नए चेहरे भी कैबिनेट में शामिल किए जा सकते हैं। मनोहर पर्रिकर के मार्च में गोवा का मुख्यमंत्री बन जाने के बाद रक्षा मंत्रालय किसी पूर्णकालिक कैबिनेट मंत्री के बगैर रह गया था जबकि अनिल दवे के मई में निधन हो जाने से पर्यावरण मंत्रालय में मंत्री पद रिक्त हो गया था।

LIVE TV