दिल्ली में लगेगा दुनिया का सबसे ऊंचा अशोक स्तंभ, चार धातुओं को मिलाकर होगा तैयार

सबसे ऊंचा अशोक स्तंभनई दिल्ली। दिल्ली के दिल जनपथ में दुनिया का सबसे ऊंचा अशोक स्तंभ लगाया जाएगा। इसकी ऊंचाई 70 फीट होगी। इसमें 12 फीट का सिंह चतुमरुख (लाट) होगा, जबकि स्तंभ की ऊंचाई 58 फीट होगी। इसे विख्यात शिल्पकार राम वी. सुतार बनाएंगे। जनपथ में बन रहे डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में इसे स्थापित किया जाएगा।

सेंटर के ठीक सामने इसे पत्थर के मजबूत आधार पर स्थापित किया जाएगा। अशोक स्तंभ का मॉडल केंद्र सरकार को अप्रूवल के लिए भेजा गया है। अगले सप्ताह तक इसे मंजूरी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद नोएडा स्थित शिल्पकार राम वी. सुतार के वर्कशॉप में मूल स्तंभ बनाने का कार्य शुरू होगा। उनके बेटे अनिल सुतार कहते हैं कि अप्रूवल के बाद स्तंभ को बनाने में करीब तीन महीने का वक्त लगेगा। अभी स्वीकृति मिली तो जुलाई तक यह बनकर तैयार हो जाएगा।

आपको बता दें कि अभी वाराणसी के सारनाथ स्थित अशोक स्तंभ को सबसे ऊंचा माना जाता है। इसकी ऊंचाई करीब 50 फीट है और यह बलुआ पत्थर से बना है। अनिल सुतार कहते हैं कि दिल्ली में लगने वाला अशोक स्तंभ सबसे ऊंचा तो होगा ही, साथ ही यह संभवत: पहला स्तंभ है जो धातुओं से बनेगा।

दुनिया की सबसे ऊंची शिवाजी की प्रतिमा और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी को गढ़ने वाले शिल्पकार राम वी. सुतार ने अशोक स्तंभ का 12 फीट का मॉडल तैयार किया है। यह मॉडल फाइबर ग्लास का बना है।

अशोक स्तंभ को चार धातुओं के मिश्रण से तैयार किया जाएगा। इसमें 85 फीसद कॉपर होगा। पांच-पांच फीसद जिंक, लेड और टिन मिलाया जाएगा। स्तंभ तैयार होने के बाद इसकी केमिकल कोटिंग की जाएगी, ताकि यह सालों-साल खराब न हो।

LIVE TV