सपा का नारा, ‘खाली प्लॉट हमारा’, दलितों के वोट को बेच रहीं मायावती

सपागाजियाबाद। प्रदेश में जब से सपा सरकार आयी है तब से अभी तक 150 से अधिक पुलिसकर्मी (एस.पी. से लेकर सिपाही तक) मारे जा चुके हैं। 1500 से अधिक की पिटाई हो चुकी है। जिस सरकार में पुलिसकर्मी सुरक्षित नहीं होते वहां आम जनता कैसे सुरक्षित रहेगी। इस सरकार में भूमाफियाओं का बोल-बाला है भूमाफियाओं द्वारा जमीनों पर कब्जा दिन पर दिन बढ़ता जा रहा है। ऐसा लगता है सपा का नारा है ‘खाली प्लॉट हमारा है’। यह सरकार विकास, किसान, नौजवान, गांव, गरीब विरोधी है इस सरकार में महिलायें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त नहीं है। महिलायें सपा के गुंडों से अपनी सुरक्षा की गुहार लगा रही है। यह बातें भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने आरकेजीआईटी कालेज में आयोजित प्रेसवार्ता में कहीं।

मौर्य ने बसपा पर तंज कसते हुए कहा कि मायावती दलितों के वोट को बेचने का काम कर रही है। सपा बसपा और कांग्रेस तीनो आपस में मिल कर जनता को गुमराह कर रही हैं। जबसे मायावती सरकार से हटी हैं उस दिन से मायावती प्रदेश की जनता को छोड़ गायब हो गई। आजम खान द्वारा अम्बेडकर पर अशोभनीय टिप्पणी किये जाने पर मयावती द्वारा कोई विरोध नहीं किया गया। इससे लगता है सपा बसपा और कांग्रेस एक साथ मिल कर कार्य कर रही है।

मौर्य ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि आजकल कांग्रेस की खाट पंचायत में भी जनता राहुल को सुनने नहीं जाती है। बल्कि जनता कांग्रेस की खाट खड़ी कर रही है।

मौर्य ने कहा कि पिछले दस वर्षो में जिस तरह प्रदेश में गुंडा राज है लूट और गुंडे जनता पर हावी हुए है एवम् सरकार का सारा सिस्टम फेल हो गया है जनता इसे नही भूली है जनता आने वाले चुनावो में इसका बदला जरूर लेगी। प्रदेश में पूर्ण बहुमत से बीजेपी की सरकार बनेगी।

LIVE TV