संजीव बालियान : समाजवादी पार्टी दलाली पर उतरी

संजीव बालियानसंभल। केन्द्रीय मंत्री संजीव बालियान ने मंगलवार को प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी अब दलाली पर उतर आयी है। उन्‍होंने कहा कि पूरे देश में किसानों का पैसा कभी भी माफ़ नहीं किया होगा, लेकिन यह पहली सरकार है जिसने पैसे लेकर प्राइवेट चीनी मीलों का 2000 करोड़ माफ़ कर दिया।”

एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि आज यूपी में किसानों की हालत बद से बदतर है। न गेहूं की खरीद हो रही है और न ही धान की। कहीं भी सरकारी खरीद नहीं हो रही है। हरियाणा और मध्यप्रदेश में देखिये वहां सरकारी खरीद हो रही है। जहां तक गन्ना किसानों की बात है तो लगता है कि सपा सरकार दलाली पर उतर आई है।

उन्होंने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई तो 14 दिनों के अंदर गन्ना किसानों का भुगतान होगा और 2000 करोड़ रूपए वापस लिए जाएंगे। दूसरा ध्यान रहेगा धान और गेहूं की खरीद पर। इसके अलावा प्रदेश में इंडस्ट्री को लगाने पर फोकस किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश से इंडस्ट्री लगभग पलायन हो चुकी है, इंडस्ट्री के लिए सबसे पहली जरुरत है 24 घंटे बिजली, अच्छी कानून व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर की। बीजेपी की सरकार बनने पर इस दिशा में काम किया जाएगा।

उन्होंने आगरा एक्सप्रेसवे पर टिपण्णी करते हुए कहा कि बीजेपी इसके खिलाफ नहीं है लेकिन अगर इसे बनाने में जो भ्रष्टाचार हुआ अगर उसे रोक लिया गया होता तो प्रदेश का कोई भी गांव ऐसा नहीं होता जहां कि सड़कें दुरुस्त हो जाती।

बालियान ने आरोप लगाया कि मायावती और अखिलेश की सरकार में खनन और शराब माफियाओं को बढ़ावा मिला, जिसकी वजह से अकेले 50 हजार करोड़ का घोटाला खनन की वजह से हुआ है।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से बीजेपी की परिवर्तन यात्रा को जनता का समर्थन मिल रहा है उससे तो यही लगता है कि प्रदेश की जनता परिवर्तन के मूड में है।

LIVE TV