श्री कृष्ण की नगरी में CM योगी ने किया भोजन, बोले- ब्रज क्षेत्र की रज अत्यन्त पवित्र है

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को वृंदावन में ब्रजरज उत्सव-2021 व हुनर हाट का उद्घाटन किया। ब्रजरज उत्सव-2021 व हुनर हाट का उद्घाटन कर सीएम योगी ने कहा, ब्रज क्षेत्र के तीर्थ के माहात्म्य को हम लोग पूरे भारत व दुनिया में प्रचारित-प्रसारित कर सकें व यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को अच्छी सुविधा दे सकें, इसके लिए ब्रज तीर्थ विकास परिषद का गठन किया गया है। इसी के साथ ही सीएम योगी ने जनपद मथुरा में संतगणों के साथ भोजन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा, वृन्दावन बिहारी लाल, राधे रानी व यमुना मैया की कृपा से गोसेवा का अद्भुत कार्य इस ब्रज क्षेत्र में होता है। हम सभी के लिए ब्रज क्षेत्र की रज अत्यन्त ही पावन व पवित्र है। वृन्दावन बिहारी लाल और राधा रानी की कृपा से पूज्य संतों के सानिध्य में यमुना मैया की कृपा हम सभी पर सदैव बनी रहती है। 2021 के प्रारम्भ में ‘वैष्णव कुम्भ’ के कार्यक्रम में भी मुझे इस पावन धरा पर आने सौभाग्य प्राप्त हुआ था। अगर पूज्य संतों का आशीर्वाद न होता तो ‘वैष्णव कुम्भ’ कार्यक्रम सफलता की नई ऊंचाइयों तक नहीं पहुंच पाता। वृंदावन में ‘ब्रजरज उत्सव-2021’ व ‘हुनर हाट’ के उद्घाटन के अवसर पर मैं ब्रज की इस पावन धरा को कोटि-कोटि नमन करते हुए आप सभी का हृदय से अभिनन्दन करता हूं।

LIVE TV