शक्ति अराधना के बाद हुआ ‘मिशन शक्ति’ का शुभारंभ, जानिए अभियान से जुड़ी जानकारी

उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार ने महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों को खुद की सुरक्षा, सम्मान और स्वालंबन के प्रति जागरुक करने के लिए विशेष अभियान मिशन शक्ति का शुभारंभ किया है। यह अभियान फिलहाल 9 दिनों तक चलेगा। इसका शुभारंभ सीएम योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर की पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए किया।

कार्यक्रम के शुभारंभ से पहले सीएम जिले के देवीपाटन शक्तिपीठ तुलसीपुर में रात्रि विश्राम के बाद सुबह मां पाटेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचे। 25 अक्टूबर तक चलने वाले मिशन शक्ति अभियान के बाद अप्रैल तक हर माह यह अभियान एक-एक सप्ताह के लिए चलाया जाएगा। इसके लिए तिथिवार थीम निर्धारित की गयी है।

अपर मुख्य सचिव महिला कल्याण, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार एस. राधा चौहान ने शुक्रवार को एक विशेष अभियान मिशन शक्ति के सफल क्रियान्वन को लेकर सभी जिला प्रोबेशन अधिकारियों,महिला कल्याण एवं जिला कार्यक्रम अधिकारियों को निर्देशित किया। इसी के साथ उन्होंने कहा कि महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों की सुरक्षा को लेकर एक व्यापक कार्ययोजना बनाई गयी है। 17 से 25 अक्टूबर तक प्रस्तावित कार्ययोजना के आधार पर इसमें अलग-अलग विभागों को लीड विभाग नामित किया गया है।

LIVE TV