विशाल ददलानी ने छोड़ा आप का साथ, राजनीति से लिया संन्यास

विशाल ददलानीनई दिल्ली। सिंगर विशाल ददलानी ने हरियाणा विधानसभा में जैन मुनि तरुण सागर महाराज के प्रवचन देने के मुद्दे पर ट्वीट किया था। इस ट्वीट के बाद उनकी काफी आलोचना हुई। इतना ही नहीं, दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने भी उनके इस ट्वीट पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने विशाल को ऐसा न करने के लिए भी कहा था।

केजरीवाल की फटकार के बाद विशाल ने राजनीति से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया। हालांकि विवाद होने के बाद उन्होंने यह ट्वीट डिलीट भी कर दिया।

विशाल ददलानी ने छोड़ी राजनीति

आपको बता दें कि आखिर इस ट्वीट में विशाल ने लिखा क्या था। उन्होंने ट्वीट किया ‘यदि आपने इन लोगों को वोट दिया तो आप इस बेहूदा बकवास के लिए जिम्मेदार हैं। नो अच्‍छे दिन, जस्‍ट नो कच्‍छे दिन।

इस ट्वीट के बाद से ही ट्विटर पर बवाल मच गया और सोशल मीडिया यूज़र्स उनकी खिंचाई करने लगे।

अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया, ‘तरुण सागरजी महाराज केवल जैनों के लिए ही नहीं बल्कि सभी के लिए बहुत पूज्यनीय संत हैं। जो लोग अनादर कर रहे हैं वह दुर्भाग्यपूर्ण है और यह रुकना चाहिए।”

उसके बाद ददलानी ने केजरीवाल के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए कई बार माफी मांगी। उन्होंने लिखा, ‘जिन भी लोगों की भावनाओं को मैंने ठेस पहुंचाई है उन सब से माफी मांगता हूं। लेकिन भारत के लिए राजनीति से धर्म को बाहर रहने दीजिए’। विशाल के इस ट्वीट की वजह से दिल्ली के स्वास्थ्य, ऊर्जा और पीडब्यूडी मंत्री सत्येंद्र जैन ने भी माफी मांगी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मेरे दोस्त विशाल ददलानी की ओर से जैन समुदाय की भावनाओं को आहत होने पर मैं माफी मांगता हूं। मैं मुनि तरुण सागरजी महाराज से क्षमा मांगता हूं’।

LIVE TV