एक महीने बाद नहीं लगा लापता विमान का कोई सुराग, तलाश जारी !

विमान एएन-32दिल्‍ली। एक महीने बाद भी लापता हुए विमान एएन-32 विमान का कोई सुराग नहीं लग पा रहा है। हालांकि तलाश अभी भी जारी है। यह विमान वायुसेना का था।

यह विमान गत 22 जुलाई को चेन्नई से पोर्ट ब्लेयर जाते समय लापता हो गया था और उसी दिन से इसका पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है।

विमान में चालक दल के सदस्यों को मिलाकर कुल 29 लोग सवार थे।

इस बीच समुद्र रत्नाकर पोत को समुद्र की गहराई में तीन हजार मीटर नीचे कुछ संकेत मिले हैं, जिनका विश्लेषण करने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।

नौसेना के प्रवक्ता डी.के. शर्मा ने कहा है कि विमान की खोज निरंतर जारी है। इस अभियान में राष्ट्रीय महासागर प्रौद्योगिकी संस्थान का पोत सागर निधि तथा एक अन्य पोत समुद्र रत्नाकर लगे हुए हैं। इसके अलावा टोही विमान पी 8 आई और परिवहन विमान सी 130 जे सुपर हरक्युलिस तथा तटरक्षक बल का डोर्नियर विमान भी तलाशी में जुटे हैं।

तलाशी अभियान में कुछ अन्य देशों से भी मदद ली जा रही है। रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने भी कहा है कि जो संकेत मिले हैं वे संभवत कुछ प्रतिबिंब हैं।

LIVE TV