
लंदन। भारत के भगोड़े कारोबारी विजय माल्या को लंदन में गिरफ्तार कर लिया गया है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। माल्या पर बैंकों से लिए गए कर्ज न चुकाने का आरोप है।
खबर के मुताबिक, स्कॉटलैंड यार्ड (लंदन पुलिस) ने माल्या को हिरासत में ले लिया है। ब्रिटिश प्रशासन ने भारतीय जांच एजेंसी, केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को माल्या की गिरफ्तारी के बारे में सूचित किया है।
ये गिरफ्तारी वेस्टमिंस्टर कोर्ट के आदेश पर हुई है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया जाएगा। उम्मीद है इसके बाद कोर्ट माल्या को भारत प्रत्यर्पित करने के संबंध में भी कोई निर्णय दे दे। इस संबंध में सीबीआई आज शाम 4.30 पर प्रेस कान्फ्रेंस कर विस्तृत जानकारी देगी।आपको बता दें कि पिछले महीने ही विजय माल्या को भारत को सौंपने के लिए विदेश मंत्रालय की मंजूरी के बाद जिला न्यायालय के पास इस मामले को भेज दिया गया था।
माल्या को भारत वापस भेजने की दिशा में ब्रिटेन सरकार का ये पहला कदम है। बैंकों का कर्जा न चुकाने के कारण कोर्ट के आदेश के बाद माल्या का किंगफिशर विला नीलाम कर दिया गया था। इसके बाद से ही लगातार माल्या की मुश्किलें बढ़ती जा रही थीं। कुछ दिन पहले ही उच्चतम न्यायलय ने माल्या को पासपोर्ट के साथ 30 मार्च को कोर्ट में पेश होने के लिए कहा था। लेकिन वो कोर्ट में पेश नहीं हुए। माल्या करीब 2 साल से फरार हैं और ब्रिटेन में रह रहे हैं।




