रेल कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, 78 दिन के बोनस का ऐलान

त्योहारों से पहले रेल कर्मचारियों को केंद्र सरकार की तरफ से एक बड़ी खुशखबरी मिली है। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने वित्त वर्ष 2020-21 के लिए अराजपत्रित रेल कर्मचारियों (आरपीएफ/आरपीएसएफ कर्मियों को छोड़कर) को 78 दिनों के वेतन के बराबर उत्पादकता आधारित बोनस को मंजूरी दे दी है। इस फैसले से लगभग 11.56 लाख अराजपत्रित रेल कर्मचारियों को लाभ होगा। इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने दी है।

IRCTC

केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि आज कैबिनेट बैठक में 2 विभागों को लेकर निर्णय हुए। वर्षों से प्रोडक्टिविटी लिंक बोनस रेलवे के नॉन गजेटेड कर्मचारियों को मिलता है। कैबिनेट बैठक में निर्णय किया गया है कि इस वर्ष भी 78 दिन का बोनस रेलवे के नॉन गजेटेड कर्मचारियों को दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पीएम मित्र योजना लॉन्च होगी जो टेक्सटाइल और गारमेंट के क्षेत्र में बहुत बड़ा योगदान देगी। इससे लाखों लोगों को रोज़गार मिलेगा। इसमें 5 वर्षों में 4445 करोड़ रुपये का व्यय होगा। 7 मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजनल एंड अपैरल(MITRA) पार्क इसपर तैयार होंगे।

वहीं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने बताया कि आरओएससीटीएल के लिए योजना 2019 में लॉन्च हुई थी जिसे 2024 तक बढ़ा दिया गया है। इससे टेक्सटाइल क्षेत्र में निर्यात को लेकर उत्साह है। पीएम मित्र योजना से लगभग 7 लाख लोगों की सीधे तौर पर रोज़गार मिले और 14 लाख लोगों को अप्रत्यक्ष रूप से रोज़गार मिले, ऐसी हमारी कल्पना है। 10 राज्यों ने अभी तक इस योजना के लिए दिलचस्पी दिखाई है।

LIVE TV