
आमतौर पर अल्बर्ट आइंस्टीन और स्टीफन हॉकिंग को दुनिया में सबसे तेज माना जाता है, लेकिन भारत की एक 11 साल की बच्ची ने इनको भी पीछे छोड़ दिया है। तकनीकी तौर पर इस भारतीय बच्ची का दिमाग अल्बर्ट आइंस्टीन और स्टीफन हॉकिंग से भी तेज है। ऐसे में कह सकते हैं कि यह बच्ची दुनिया में सबसे तेज है।
बतादें की इस बच्ची का नाम अनुष्का दीक्षित है। अनुष्का ने मेंसा आईक्यू टेस्ट में 162 अंक हासिल किए हैं, जो इस टेस्ट का सर्वाधिक अंक है। माना जाता है कि महान वैज्ञानिक अल्बर्ट आइंस्टीन और स्टीफन हॉकिंग का आईक्यू स्कोर 160 था, लेकिन इस बच्ची ने उनसे दो अंक ज्यादा हासिल किए हैं।
खबरों के मुताबिक, अनुष्का ने पूरा पीरियोडिक टेबल महज 40 मिनट में याद कर लिया था। उनकी मां बताती हैं कि वो हमेशा से ही काफी तेज रही है। उसने महज 6 महीने की उम्र में ही बोलना शुरू कर दिया था। वह टीवी पर विज्ञापन देख-सुनकर उसे दोहराने लगी थी। वह बताती हैं कि अनुष्का ने एक साल की उम्र में ही सभी देशों और उनकी राजधानियों के नाम याद करना शुरू कर दिया था।
देखा जाए तो अनुष्का अपने माता-पिता के साथ लंदन में रहती हैं। उनकी मां आरती दीक्षित गृहिणी हैं जबकि उनके पिता नीरज दीक्षित प्रवर्तन अधिकारी हैं। अनुष्का बताती हैं कि टेस्ट में उनसे कुल 28 सवाल पूछे गए थे, जिसका जवाब चार मिनट में देना था। पहले तो उन्हें लगा कि उन्होंने एक सवाल का गलत जवाब दिया है, लेकिन जब टेस्ट के नंबर आए तो उसे देखकर वह चौंक गईं। उन्हें सर्वाधिक अंक मिले थे।
यूनिवर्सिटी ऑफ ईस्ट लंदन में आयोजित हुए इस टेस्ट में अनुष्का सबसे कम उम्र की परीक्षार्थी थीं। उनके आसपास जितने भी लोग बैठे थे, सभी की उम्र 30 साल से लेकर 60 साल के बीच थी।
अनुष्का बताती हैं कि उनका प्रिय विषय अंग्रेजी है। उन्हें कविताओं से भी बहुत लगाव है। वह बहुत अच्छा डांस भी करती हैं। उनका कहना है कि वह बड़ी होकर डॉक्टर बनना चाहती हैं।