राम के नाम पर अवैध वसूली के आरोप में पूर्व विहिप नेता समेत 4 पर केस दर्ज, पुलिस कर रही मामले की जांच

राम मंदिर के निर्माण के लिए चंदा एकत्र किया जा रहा है। वहीं राम के नाम पर अवैध रूप से भी वसूली की जा रही है। इसी को लेकर एक और मामला सामने आया है। बता दें कि बीते दिन अवैध वसूली के आरोप में पूर्व विहिप पदाधिकारी समेत चार के खिलाफ मुरादाबाद के सिविल लाइंस पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। इसी के साथ पुलिस ने आरोपों की जांच में लग चुकी है।

जानकारी के लिए आपको बता दें कि बीते शुक्रवार से देशभर में राम मंदिर के निर्माण के लिए धन संचय किया जा रहा है। वहीं इसकी पूरी जिम्मेदारी राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ और उसके अनुषांगिक संगठनों के कंधों पर है। बता दें कि धन संग्रह के लिए राम मंदिर निधि समर्पण समिति का भी गठन किया गया है जिसका काम लोगों से धनराशि लेकर रसीद देने है। जब समिति अपने क्षेत्र में धन एकत्र करने के लिए निकली तो उसे पता चला कि पहले ही कुछ लोगों के द्वारा चंदा वसूल लिया गया है। वहीं बात को साबित करने के लिए कुछ लोगों ने रसीद भी दिखाई जो कि आधिकारिक रसीद से बिल्कुल अलग थी।

इस तरह के मामले की जानकारी होने पर तुरंत राम मंदिर निधि समर्पण समिति के अध्यक्ष ओमप्रकाश शास्त्री और महांत्री प्रभात गोयल ने एएसपी अनिल कुमार को तहरीर दी। अपनी तहरीर में उन्होंने बताया कि कुछ लोग राम मंदिर के निर्माण के लिए उनकी समिति से मिलती जुलती रसीद छपवा धन उगाही करने में लगे हुए हैं। साथ ही उन्होंने कटघर के विजय नगर निवसी रोहन सक्सेना, नगर कोतवाली क्षेत्र के पुरानी तहसील निवासी अमित अग्रवाल, चौरासी घंटा निवासी हर्ष वर्मा और विहिप के पूर्व नेता मनोज व्यास के खिलाफ नामजद तहरीर दी। वहीं मामले को लेकर एएसपी अनिल कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।

LIVE TV