…और धीरेे-धीरे महिलाओं की इंस्‍पीरेशन बन गईं राजलक्ष्‍मी

राजलक्ष्मीपरिवार का ख्याल रखना, सभी लोगों को समय से खाना खिलाना, हर एक के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी तुम्हारी ही होगी। यह पाठ हर माँ अपनी बेटी को बचपन से पढ़ाती है, पर वो यह बताना हमेशा भूल जाती है कि बेटा सबके साथ – साथ थोड़ा अपना भी ख्याल रख लेना। शादी से पहले मायके की जिम्मेदारी और बाद में पिया के आंगन की। सबके लिए सोचने वाली महिलाओं को अपने बारे में सोचने का मौका ही कहांं मिल पाता है, न ही कभी उनसे इस बारे में कोई बात करता है। लड़की से महिला तक के सफर में शामिल इस लचरता को एक युवती ने समझा और उनके लिए कुछ करने का फैसला किया।

राजलक्ष्मी का बेमिसाल जज्बा

महिलाओं को खुद के बारे में सजग करने के इरादों के साथ मुंबई में रहने वाली राजलक्ष्मी ने 2007 में शुरुआत की बीफिट ऑनली लेडीज जिम की। जिसका एक ही मकसद है, महिलाओं की सेहत और फिटनेस से जुड़ी सभी समस्याओं का समाधान करना।

राजलक्ष्मी का मानना है कि अगर घर की बेटी सेहतमंद होगी तो आनेवाली पीढियां भी स्वस्थ होंगी। महिलाएं घर चलाती हैं, उनका फिट रहना सबसे ज्यादा ज़रूरी है, फिर चाहे वो हाउस वाइव्स हों या कामकाजी। अपनी माँ और नानी को हर तरह की मुश्किलों का सामना करते उन्होंने देखा है। उनका  मानना है कि स्वस्थ और सुखी महिला ही एक खुशहाल परिवार बना सकती है।

इनके जिम की ख़ास बात ये है की ये सिर्फ महिलाओं के लिए है जिसकी वजह से महिलाएं बिना किसी हिचक के वर्कआउट्स कर सकती हैं। ये सुबह के 6 बजे से रात के 9 बजे तक खुला रहता है। इसलिए कामक़ाज़ी महिलाओं के बीच ये काफी लोकप्रिय है और उनकी सफलता का कारण भी। इस सफलता ने ही 2012 में उन्हें अपनी एक और शाखा खोलने का हौसला दिया। उनका मानना है कि उद्दम चलाना तैरने जैसा है। जितनी तेज़ लहरें होंगी आप उतनी ही तेज़ी से हाथ-पैर चलाएंगे।

राजलक्ष्मी ने फ़ूड, साइंस एंड न्युट्रीशन में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है और 2016 में उन्हें एमबीए इन एंट्रीप्रनेरशिप की डिग्री भी मिल जाएगी। उन्होंने 1998 में मुंबई के घाटकोपर में फिटनेस वर्ल्ड से, बतौर न्युट्रीशनिष्ट अपने करियर की शुरुआत की। यहीं फिटनेस लेसंस के साथ-साथ राजलक्ष्मी को एकाउंट्स की भी थोड़ी बहुत जानकारी मिल गई। यहाँ काम करते-करते राजलक्ष्मी को अपना जिम शुरू करने का ख्याल आया। मन ही मन वो इस सपने को सींचने लगी। लेकिन उन्होंने इस सपने को अपने तक ही रखा और 2000 में मुंबई के जाने-माने फिटनेस सेंटर तलवलकर्स में काम करने लगी। फिटनेस के क्षेत्र में उनके अच्छे–खासे तजुर्बे की बदौलत 2004 में वो ब्रांच मैनेजर बनी और इसी दौरान उन्हें बिज़नेस में अच्छे-बुरे की समझ होने लगी। इस काम ने उन्हें अपना उद्दम शुरू करने की सबमे अहम बातें सिखाईं। फिर सही समय आने पर राजलक्ष्मी ने अपने दोस्त जगजीत सांघवाल को अपने इरादे के बारे में बताया। उन्होंने राजलक्ष्मी का हर मोड़ पर साथ देने का वायदा किया। 2005 में जगजीत और राजलक्ष्मी ने शादी कर ली। इसके बाद राजलक्ष्मी अपने सपने को साकार करने की कोशिशों में लग गईं। लेकिन शुरू-शुरू में उनके आसपास वालों को उनका ये फैसला पसंद नहीं आया और ज़्यादातर ने हौसला बढ़ाने की बजाये इससे होने वाले नुकसान ही गिनवाए।

राजलक्ष्मी का बीफिट जिम नवी मुंबई के घंसोली से ऐरोली के बीच काफी लोकप्रिय है। जिम में कार्डियो, फ्लोर वर्क आउट्स, पिलाटीज़, योगा, थर्मल सेशंस, रेडियो फ्रीक्वेंसी ट्रीटमेंट्स, पैसिव स्लिमिंग की सुविधा है। यहाँ आनेवाली महिलाओं की अलग अलग परेशानियाँ होती हैं। कुछ को अधिक वज़न के कारण इससे जुड़ी दूसरी बीमारियों की शिकायत होती है तो कुछ को डिलीवरी के बाद अपनी फिटनेस वापस पाने की चाह है। उनके जिम में एक कैंसर पेशेंट भी थी जिसे डॉक्टर ने कुछ हलके वर्क आउट्स करने और वज़न घटाने की सलाह दी थी। स्पा ट्रीटमेंट और पैसिव स्लिमिंग के ज़रिये राजलक्ष्मी ने वज़न घटाने और स्टैमिना बढ़ाने में उनकी मदद की। इसके अलावा राजलक्ष्मी बीफिट ट्रेनिंग अकादमी शुरू करने जा रही हैं जिसके ज़रिये महिलाओं को फिटनेस के क्षेत्र में अपना उद्दम शुरू करने के लिए ज़रूरी प्रशिक्षण दिया जाएगा।

बीफिट सदस्यों का व्हाट्स ऐप ग्रुप है और समय-समय पर इनके लिए पिकनिक, महिला दिवस, हल्दी कुमकुम जैसे दूसरे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। बीफिट लेडीज जिम का उद्दश्य महिलाओं की खुशहाली और फिटनेस को बनाए रखना है। और ये सोच हम सबके लिए भी बेहद ज़रूरी है क्योंकि एक स्वस्थ और सुखी महिला ही एक सफल और खुशहाल परिवार का आधार होती है।

LIVE TV