यह कैसा अंतिम संस्कार : बदायूं में मुस्लिम धर्मगुरु के जनाजे में उमड़े 20 हजार से ज्यादा लोग, फजिहत होती देख पुलिस ने दर्ज की FIR

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में जिला काजी हजरत शेख अब्दुल हमीद मुहम्मद सालिमुल कादरी का इंतकाल हो गया। इसके बाद उनके जनाजे में 15-20 हजार लोगों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान मास्क और सोशल डिस्टेसिंग का उल्लंघन देखा गया। यहां आने वाला हर व्यक्ति उनके जनाजे को कंधा देना चाह रहा था। इस दौरान स्थानीय प्रशासन और पुलिस भी बेबस नजर आई। फिर सोमवार को इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया।

आपको बता दें कि कादरी साहब का सम्मान सिर्फ मुसलमान ही नहीं बल्कि हिंदू भी करते थे। उन्होंने कई मामलों पर सरकार का भी साथ दिया था। फिर चाहे वह नागरिकता संशोधन कानून का मामला हो या कोविड-19 प्रोटोकॉल की बात का। वह हमेशा लोगों से नियम-कानून का पालन करने के लिए कहा करते थे। अचानक ही उनके निधन की सूचना ने सभी को स्तब्ध कर दिया। जिसके बाद लोग कोरोना के नियमों को ताक पर रख एक जगह एकजुट नजर आए। इस दौरान पुलिस भी बेबस दिखी।

हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद जब बदायूं पुलिस की फजिहत हुई तो इससे बचने के लिए महामारी अधिनियम की धाराओं 188,269,270 के तहत मामला दर्ज किया गया। यह मामला सदर कोतवाली में दर्ज हुआ। वहीं एसएसपी बदांयू संकल्प शर्मा ने एसपी सिटी प्रवीण सिंह चौहान को इसकी जांच सौंपी।

LIVE TV