मोदी के बंगाल दौरे से पहले ममता ने 8 किमी की पदयात्रा निकाली,चुनावी सरगर्मी में दोनों पार्टी के कार्यकर्ता भिड़े

पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है, 23 जनवरी यानी आज शनिवार को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कोलकाता पहुंचेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शक्ति प्रदर्शन किया। उन्होंने 8 किमी की पदयात्रा निकाली।

पदयात्रा दोपहर 12.15 पर शुरू हुई, क्योंकि 23 जनवरी 1897 को इसी वक्त नेताजी का जन्म हुआ था। दरअसल, नेताजी की जयंती को केंद्र सरकार पराक्रम दिवस के तौर पर मना रही है, वहीं ममता सरकार ने इसे देशनायक दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया है।

मोदी कोलकाता में दो कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। नेताजी की स्मृति में सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगे। बड़ी बात ये कि मोदी के साथ मंच पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी होंगी।

प्रधानमंत्री के बंगाल पहुंचने के पहले हावड़ा में बवाल हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि तृणमूल के लोगों ने उन पर हमला किया। स्थानीय भाजपा नेता का कहना है कि हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया। अगर तृणमूल ऐसी राजनीति करना चाहती है तो उन्हें इसी भाषा में जवाब देंगे।

तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच सामाजिक-सांस्कृतिक फ्रंट पर बंगाली मानुष को लुभाने की होड़ पिछले साल दुर्गा पूजा से ही शुरू हो गई थी। 2021 के शुरू होते ही 12 जनवरी को विवेकानंद जयंती पर भी दोनों दलों के बीच जलसे-जुलूस को लेकर मुकाबला जैसा हुआ, पर तृणमूल के कार्यक्रमों के आगे भाजपा के आयोजन शायद थोड़े फीके रह गए। यही कसर निकालने के लिए नेताजी की जयंती पर खुद मोदी मैदान में उतर गए हैं।

दोनों दलों का एक ही लक्ष्य- बंगाली सेंटिमेंट को जीतना
बंगाल में राज्य के इतिहास और संस्कृति से जुड़े महापुरुषों के प्रति खासा सम्मान रहा है। यहां जनता इसे बंगालियत से जोड़कर देखती है। यहां खेल और कला की शिक्षा हर घर में दी ही जाती है, यही वजह है कि जनता सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सीधे तौर पर जुड़ी होती है। विक्टोरिया मेमोरियल हॉल के मंच पर भी मोदी और ममता दोनों का मकसद इसी बंगालियत से खुद को करीब दिखाना होगा। यह भी तय है कि इसी बंगाली सेंटिमेंट को जीतने वाले का पलड़ा आने वाले विधानसभा चुनाव में भारी होगा।

LIVE TV