मुस्लिम महिला को बीजेपी की सदस्यता लेना पड़ा भारी, मकान मालिक ने घर से निकाला

अलीगढ़ के थाना देहलीगेट क्षेत्र की एडीए कालोनी निवासी मुस्लिम महिला को भाजपा की सदस्यता लेना भारी पड़ गया। उसके मकान मालिक ने तत्काल घर खाली करने की चेतावनी दे डाली। सामान भी हटवाने को कहा। थोड़ी देर बाद उसको घर से निकाल दिया। परेशान महिला देहलीगेट थाने पहुंची और लिखित शिकायत की। इस शिकायत पर मकान मालिक के बेटे को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बीजेपी की सदस्यता

शाहजमाल एडीए कॉलोनी में रहने वाली गुलिस्ताना ने शनिवार को भाजपा के सदस्यता अभियान में सामान्य सदस्य बनने की प्रक्रिया को पूरा किया। वह भाजपा महावीरगंज मंडल की भाजपा महिला मोर्चा की प्रभारी रूबी आसिफ खान के साथ रघुनाथ पैलेस में हुए भाजपा के कार्यक्रम में गई थीं। जहां मिस्ड काल के जरिए भाजपा की सामान्य सदस्य बनीं।

कार्यक्रम की मीडिया कवरेज देखने के बाद रविवार को उसके मकान मालिक और उनके बेटे ने कड़े अपशब्द बोलते हुए उसे तत्काल घर से निकाल देने की धमकी दी। कुछ देर बाद ही उनको निकाल दिया गया। बकौल गुलिस्ताना मकान मालिक सुल्तान और उसकी पत्नी मदीना भाजपा की सदस्यता लेने से आग बबूला हो गए।

बदल गया जनगणना का तरीका, अब इस मोबाइल ऐप के जरिये होगा काम

पीड़िता ने देहलीगेट थाने में शिकायत न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस प्रकरण पर भाजपा महिला मोर्चा की महानगर अध्यक्ष मधुलिका राघव ने कहा है कि पीएम आवास, सौभाग्य योजना, उज्जवला गैस कनैक्शन सहित अन्य योजनाओं से लाभान्वित होने के कारण मुस्लिम महिलाएं पार्टी की सदस्यता ले रही हैं।

गुलिस्ताना भी ऐसी ही महिला है। उनके घर वालों या परिजनों का इसमें कोई विरोध नहीं है। केवल मकान मालिक ने ही उदंडता दिखाई है जिस पर पुलिस अपना काम कर रही है।

LIVE TV