मिर्ज़ापुर: विंध्यवासिनी धाम में दर्शनार्थी ने की फायरिंग, दो गिरफ्तार

विंध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा चौकी अंतर्गत भैरव कुंड के पास शनिवार की देर रात बिहार से आए श्रद्धालुओं ने अपने साथी के साथ नशे में धुत होकर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की। संयोग रहा कि गोली किसी को नहीं लगी। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

बिहार प्रांत निवासी एक व्यक्ति उत्तर प्रदेश के चित्रकूट जिला निवासी अपने साथी के साथ मां विंध्यवासिनी धाम में आया था। शनिवार की रात दोनों लोग दर्शन पूजन के बाद अष्टभुजा चौकी अंतर्गत भैरव कुंड के पास पहुंचे। वहां पर रात में शराब पीने के बाद लाइसेंसी रिवाल्वर से हवाई फायरिंग करने लगे। गोली की आवाज सुनकर लोग घबरा गए। गनीमत रही की किसी को गोली नहीं लगी।

कई राउंड फायर होने पर पहाड़ी पर हड़कंप मच गया। लोगों ने हवाई फायरिंग की सूचना पुलिस को दी, सूचना पर पहुंची विंध्याचल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लीया। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर कार्रवाई में जुटी है।

बता दें की पहाड़ी पर इससे पहले भी बिहार के बाहुबली के साथ आए एक व्यक्ति ने गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी इसके बाद पुलिस ने पहाड़ी पर सुरक्षा बढ़ा दी थी, मगर इस घटना ने पुलिस के सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। पुलिस ने बताया की रिवाल्वर का लाइसेंस निरस्त करने की भी कार्रवाई की जाएगी।

LIVE TV