नोटबंदी से नाराज लोगों ने किया मतदान का बहिष्कार

मतदान का बहिष्कारभोपाल| मध्यप्रदेश के शहडोल संसदीय क्षेत्र और नेपानगर विधानसभा के उपचुनाव में शनिवार को मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। शहडोल में जहां 61 फीसदी, वहीं नेपानगर में 71 फीसदी मतदाताओं ने शाम पांच बजे तक मतदान किया। मतदान केंद्रों पर पांच बजे के बाद भी मतदाताओं की कतार लगी रही। वहीं सोनवर्षा के कई बूथों पर नोटबंदी से नाराज ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया।

मतदान का बहिष्कार

सोनवर्षा में नोटबंदी से नाराज लोगों ने मतदान का बहिष्कार किया। राज्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सुबह मतदान की रफ्तार कुछ धीमी रही, मगर दिन चढ़ने के साथ मतदाताओं की कतारें लगने लगीं। दोपहर एक बजे तक शहडोल में 42 प्रतिशत मतदान हुआ, वहीं नेपानगर में 48 प्रतिशत तक मतदान हो चुका था।

निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के जनसंपर्क अधिकारी प्रलय श्रीवास्तव के मुताबिक, शाम पांच बजे के बाद भी कई स्थानों पर मतदाताओं की कतारें थीं, तब तक शहडोल में 61 प्रतिशत और नेपानगर में 71 प्रतिशत से अधिक मतदाता वोट डाल चुके थे।

शहडोल संसदीय क्षेत्र में मुख्य मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार हिमांद्री दलबीर सिंह और भाजपा के ज्ञान सिंह के बीच है, वहीं नेपानगर में भाजपा की मंजू दादू व कांग्रेस उम्मीदवार अंतर सिंह के बीच है। दोनों ही सीटें भाजपा के उम्मीदवारों के निधन के चलते रिक्त हुए थे।

निर्वाचन पदाधिकारी सलीना सिंह ने संवाददाताओं को बताया कि मतदान के दौरान कुल 14 ईवीएम मशीन में गड़बड़ी आने पर उन्हें बदला गया।

सुचारु मतदान के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए, राज्य सुरक्षा बल के साथ केंद्रीय अर्ध सुरक्षा बल को भी तैनात किया गया। मतदान दल शुक्रवार की रात को ही मतदान केंद्रों तक पहुंच गए थे।

LIVE TV