
INS वेला, चौथी स्कॉर्पीन श्रेणी की पनडुब्बी गुरुवार को मुंबई में नौसेना डॉकयार्ड में भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह की उपस्थिति में नौसेना में शामिल हुई। इस मौके पर भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल करमबीर सिंह ने कहा कि INS वेला में पनडुब्बी संचालन के पूरे स्पेक्ट्रम को शुरू करने की क्षमता है। आज की जटिल सुरक्षा स्थिति को देखते हुए, इसकी क्षमता और मारक क्षमता भारत के समुद्री हितों की रक्षा के लिए नौसेना की क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

बता दें कि हिंद महासागर में चीन के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए यह कदम काफी अहम माना जा रहा है। इससे पहले 21 नवंबर को नौसेना ने एक गाइडेड मिसाइल विध्वंसक पोत (डेस्ट्रॉयर) विशाखापत्तनम को भी अपने बेड़े में शामिल किया था। मिसाइल विध्वंसक पोत और चौथी स्कॉर्पीन की पनडुब्बी के शामिल होने से नौसेना को इस क्षेत्र में काफी बढ़त मिलने की उम्मीद है।