बुलंदशहर: हाथ जोड़ मैडम-मैडम कहते रहे सिपाही, चालान काट महिला दारोगा ने सिखाया सबक

कई बार सड़क पर चलते समय नियमों का उल्लंघन करने पर अकसर लोगों का चालान कट जाया करता है। लेकिन क्या कभी आपने किसी पुलिसकर्मी का चालान कटते हुए सुना है? एक ऐसी ही खबर उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से सामने आ रही है। जहां थाना औरंगाबाद क्षेत्र में बढ़ते कोरोना को लेकर आईजी, मेरठ के आदेश पर मास्क अभियान चलाया जा रहा था। इसी अभियान को लेकर वहां थाना प्रभारी अरुणा राय तैनात थीं। लेकिन इसी दौरान उनके ही कुछ सिपाही दिशानिर्देशों का उल्लंघन करते हुए पाए गए।

अपने पुलिसकर्मियों को ही नियमों का पालन न करता देख थाना औरंगाबाद प्रभारी महिला इंस्पेक्टर अरुणा राय ने सबक सिखाया। थाना प्रभारी ने अपनी जिम्मेदारी का पालन करते हुए पुलिसकर्मियों का चालान काट दिया। इस पर हाथ जोड़े खड़े पुलिसकर्मियों ने कई देर तक मैडम-मैडम कह रहे बावजूद इसके दारोगा मैडम ने उनकी एक न सुनी और उनका लंबा चालान काट दिया। इस कार्रवाई को लेकर उनका कहना है कि चाहे कोई भी हो अगर नियमों के विपरीत पाया जाता है तो उसे दंडित किया जाएगा फिर चाहें नियमों का उल्लंघन करने वाले खुद पुलिसकर्मी ही क्यों न हों।

महिला दारोगा की इस कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को देखने वाले लोग महिला दारोगा की जमकर सराहना कर रहे हैं। वह सभी पुलिसकर्मियों के लिए एक सबब बनी हुई हैं। मास्क न पहने हुए पुलिसकर्मियों का चालान काटते हुए महिला दारोगा ने उन्हें मास्क लगा कर पुलिसिंग करने की सलाह दी है। महिला दारोगा की सख्ती देख पूरे औरंगाबाद के पुलिस महकमें में हड़कंप मचा हुआ है। आपको बता दें कि बढ़ते कोरोना मामलों को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश के काई जिलों में सख्ती बढञा दी गई है। वहीं कई राज्यों में धारा 144 लगा कर लोगों से घरों में ही रहने की अपील की जा रही है।

LIVE TV