प्रियंका गांधी ने सीएम योगी को लिखा पत्र, कहा- कानून-व्यस्था की स्थिति ठीक करें सरकार

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने यूपी में हुई अपहरण और हत्याओं की घटनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा और यूपी की कानून व्यवस्था को ठीक करने का अनुरोध किया है। प्रियंका ने कहा है कि यूपी में बढ़ते अपराधों से यूपी की जनता परेशान है। इसके साथ ही प्रियंका ने गाजियाबाद के गुमशुदा एक व्यवसायी के मामलें में मुख्यमंत्री योगी से मदद का अनुरोध भी किया है।

प्रियंका गांधी ने पत्र में लिखा कि प्रदेश में कानून-व्यस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। आपराधिक घटनाओं में सख्ती से कार्रवाई सुनिश्चित करने की जरूरत है। कानपुर, गोंडा व गोरखपुर की घटनाएं आपके संज्ञान में होंगी। मैं गाजियाबाद के एक परिवार की पीड़ा की तरफ आपका ध्यान आकर्षित कराना चाहती हूं। मेरी इस परिवार से बात हुई। 
गाजियाबाद के व्यवसायी विक्रम त्यागी करीब एक महीने से लापता हैं। परिवार को अपहरण की आशंका है। बार-बार गुहार लगाने के बाद भी पुलिस और प्रशासन इस तरफ ध्यान देने के लिए तैयार नहीं है। दो दिन पहले कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल परिवार से मिला था। परिजन परेशान हैं। 
प्रियंका गांधी ने सीएम योगी मांग की है कि विक्रम त्यागी के परिजनों की मदद करें, साथ ही पुलिस अधिकारियों को सख्ती से निर्देशित करें कि पूरी तरह से उनकी मदद की जाए।
आगे उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपहरण की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। कानून-व्यवस्था बिगड़ती जा रही है। इस समय इन मामलों के प्रति पुलिस और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि पूरी मुस्तैदी और दक्षता से कार्रवाई करें।

LIVE TV