प्रियंका गांधी ने शेयर की बेटी के जन्म के समय का वीडियो, बर्थडे विश करते हुए बोलीं..

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने इंस्टाग्राम पर अपने बच्चों रेहान राजीव वाड्रा और बेटी मिराया वाड्रा के साथ एक थ्रोबैक वीडियो शेयर किया है। प्रियंका गांधी ने पुरानी यादों को ताजा करते हुए एक खास वीडियो शेयर किया, जिसे देखकर लग रहा है कि ये उनकी बेटी मिराया के जन्म के समय का वीडियो है।

दरअसल, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की बेटी मिराया वाड्रा आज 19 साल की हो गई हैं। खास मौके को सेलिब्रेट करने के लिए प्रियंका ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो शेयर किया। वीडियो देखकर ऐसा लग रहा है कि वीडियो उनकी बेटी के जन्म के ठीक बाद एक अस्पताल में लिया गया है। वीडियो में बच्ची को एक सफेद कपड़े में लिपटे हुए, बिस्तर पर देखा जा सकता है। प्रियंका गांधी को बाईं ओर अपने बेटे रेहान से बात करते हुए देखा जा सकता है, जो बिस्तर के दाईं ओर लेटा हुआ है। वीडियो के साथ प्रियंका गांधी ने अपनी बेटी की एक तस्वीर भी शेयर की है। मिराया के भाई रेहान राजीव वाड्रा ने भी अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर बर्थडे गर्ल के साथ एक फोटो शेयर करते हुए लिखा कि, “हैप्पी बर्थडे मिनी! हमेशा समुद्र की तरह आजाद रहो, मेरा सारा प्यार हमेशा।”

बता दें कि मिराया कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा की छोटी संतान हैं। रेहान उसका बड़ा भाई है। सोनिया गांधी मिराया की नानी हैं जबकि राहुल गांधी उनके मामा हैं।

LIVE TV