प्रशासन के कंबल वितरण कार्यक्रम में छीनाझपटी, महिलाएं गिरी, पुलिस ने फटकारी लाठियां

रिपोर्ट:- नीरज सिंघल/सहारनपुर

सहारनपुर में जनमंच सभागार में कंबल पाने के लिए खूब मारामारी हुई। कई महिलाओं में छीनाझपटी शुरू हो गई। आपाधापी में कई महिलाएं गिर गईं। अव्यवस्था इस कदर हावी थी कि पुलिस को लाठियां फटकारनी पड़ीं। 2500 लोगों को कंबल दिए गए, लेकिन जिन्हें कंबल नहीं मिले वे नाराज दिखे और हंगामा करते हुए चले गए।

कंबल वितरण में भगदड़

पुलिस ने फटकारी लाठियां-

जनमंच सभागार में कंबल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया था। जिले के गांवों के प्रधान भी अपने साथ महिलाओं और अन्य आश्रितों को कंबल दिलाने लाए थे। इसी दौरान भारी भीड़ हो गई और अव्यवस्था के हालात बन गए। पहले कंबल पाने की ऐसी होड़ मची कि मारामारी मच गई। छीनाझपटी होने लगी। धक्कामुक्की में कई महिलाएं गिर गईं और कुछ लोग उनके ऊपर गिर पड़े।

कुछ महिलाओं को मामूली चोट भी लग गई। पुलिस डंडे फटकारकर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास करती रही। जिन लोगों को कंबल नहीं मिला, वे अपने गांव के प्रधान को कोसते दिखे। नाराज रामकली, सुशीला, सीमा, हमीदा, इस्लाम, समेरी आदि ने कहा कि बड़ी उम्मीद से आए थे, लेकिन कंबल नहीं मिला।

वाराणसी में कांग्रेस और विश्व हिंदू सेना के बीच छिड़ा पोस्टर वार, प्रियंका पर लगे गंभीर आरोप

वहीं एसडीएम सदर अनिल कुमार सिंह का कहना था कि जनमंच सभागार पहुंचे अधिकांश लोगों को कंबल दिए गए। जो लोग शेष रह गए हैं, उनके घर लेखपालों के माध्यम से कंबल भिजवा दिए जाएंगे। सभागार में क्षमता से अधिक लोगों के पहुंचने से सभी को कंबल नहीं मिल सके।

 

LIVE TV