पार्टी के दौरान हुई हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

आजमगढ़- आजमगढ़ जिले में नये वर्ष की पार्टी के दौरान वर्चस्व की लड़ाई में  खूनी खेल खेला गया। यह खूनी खेल सिर्फ दो गैंग के ही बीच नहीं बल्कि तीन रिश्तों के साथ खेला गया। इस खेल में एक तरफ जहां एक बहन ने जहां अपने भाई को खो दिया वहीं दूसरी तरफ उसका पति सलाखों के पीछे पहुंच गया।
मामला सिधारी थाना क्षेत्र के कोमल नगर कालोनी का है। जहां एक हिस्ट्रीशीटर जीजा ने अपने गैंगेस्टर साले को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने आरोपी जीजा को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चोरी की सरकारी रिवाल्वर बरामद कर लिया है।
बरदह थाना क्षेत्र के भगवतीपुर गांव निवासी अभिषेक सिंह की शादी सुल्तानपुर गांव निवासी प्रदीप सिंह की बहन के साथ हुई थी। दोनों अपराधिक प्रवृत्ति के थे। दोनों लूट, हत्या और चोरी आदि की वारदातों को अंजाम देते थे। करीब एक वर्ष पूर्व दोनों अपना अलग-अलग गैंग बना लिया और तभी से दोनों की दोस्ती दुश्मनी में बदल गयी थी। अभिषेक सिंह सिधारी थाना क्षेत्र के कोमल कालोनी में रहने लगा।
नये वर्ष में घर पर पार्टी के बहाने उसने अपने साले प्रदीप को घर बुलाया। आरोप है कि प्रदीप सिंह पहले कई बार शराब के नशे में अपने जीजा को मारपीट दिया था। घटना वाले दिन भी प्रदीप ने शराब पी और अपने जीजा से मारपीट करने लगा। इसी बीच  अभिषेक सिंह ने घर में चोरी की रखी गयी सरकारी रिवाल्वर निकाली और अपने साले प्रदीप सिंह के सर में गोली मारकर हत्या कर दिया।
घटना के बाद पुलिस की तीन टीमें लगातार संभावित स्थानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच मुखबिर की खास सूचना पर पुलिस आजमगढ़ रेलवे स्टेशन के पास छिप कर खड़े आरोपी अभिषेक सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चोरी की सरकारी रिवाल्वर मेड इन यूएसए, सात गोलियां बरामद किया।

 

LIVE TV