सपा को बड़ा झटका: घोसी से विधायक सुधाकर सिंह का निधन, उपचुनाव में दारा सिंह चौहान को हराने वाले कद्दावर नेता ने मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार (20 नवंबर 2025) सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। 67 वर्षीय सुधाकर सिंह लंबे समय से बीमार चल रहे थे और मल्टी-ऑर्गन फेलियर से जूझ रहे थे। वे कई दिनों से वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। उनके बेटे और डॉक्टर सुजीत सिंह ने पिता के निधन की पुष्टि की।

सुधाकर सिंह को 18 नवंबर को दिल्ली में मुख्तार अंसारी के बेटे उमर अंसारी के मैरिज रिसेप्शन से लौटने के दौरान दिल्ली एयरपोर्ट पर सीने में दर्द की शिकायत हुई थी। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मंगलवार को लखनऊ के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सुबह करीब 4 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्हें 2022 में ही हार्ट प्रॉब्लम के कारण पेसमेकर लगाया गया था।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया, “घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह जी का निधन अत्यंत हृदय विदारक है। वे एक जुझारू और समर्पित नेता थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।” उनके निधन से न केवल सपा बल्कि पूरे पूर्वांचल में शोक की लहर दौड़ गई है। शिवपाल सिंह यादव के करीबी माने जाने वाले सुधाकर सिंह तीन बार विधायक रह चुके थे और घोसी क्षेत्र में उनकी गहरी पैठ थी।

राजनीतिक सफर: टिकट कटने से उपचुनाव की शानदार जीत तक

मूल रूप से मऊ के घोसी के रहने वाले सुधाकर सिंह कद्दावर नेताओं में शुमार थे। 2022 विधानसभा चुनाव में सपा ने उन्हें घोसी सीट से टिकट दिया था, लेकिन अंतिम समय में काट लिया और भाजपा छोड़कर आए दारा सिंह चौहान को उम्मीदवार बना दिया। सपा ने तब भी सीट जीती, लेकिन 2023 में दारा सिंह चौहान के दोबारा भाजपा में शामिल होने और इस्तीफा देने से उपचुनाव हुआ।

इस उपचुनाव में सुधाकर सिंह ने दारा सिंह चौहान को भारी मतों से हराकर विधायक बने, जो सपा के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई थी। यह जीत उन्हें सपा के प्रमुख चेहरों में ला खड़ी कर दी। उनके निधन से घोसी सीट पर अब उपचुनाव की संभावना है, जो सपा-भाजपा के बीच फिर से टक्कर का मैदान बनेगी।

सुधाकर सिंह के अंतिम संस्कार की तैयारियां मऊ में चल रही हैं। उनके निधन से परिवार, समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं में गहरा सदमा है।

LIVE TV