
मुंबई : 70 और 80 के दशक की बेहद खूबसूरत और बेहतरीन अभिनेत्रियों में शामिल होने वाली नीतू सिंह आज अपने जन्मदिन पर 58 वर्ष की हो गई हैं। एक ऐसा समय था जब नीतू ने अपने बिंदास अंदाज और दमदार अभिनय से लोगों को अपना दिवाना बना रखा था। इन्होंने फिल्म ‘कस्मे वादे’, ‘काला पत्थर’, ‘द ग्रेट गैम्बलर’, ‘अमर अकबर एंथनी’, ‘रफू चक्कर’ और ‘कभी कभी’ जैसी फिल्मों में शानदार अभिनय कर खुद को एक नयी पहचान बॉलीवुड में दिलायी।
असली नाम है सोनिया
नीतू सिहं का जन्म 8 जुलाई, 1958 को दिल्ली के सिख परिवार में हुआ। इनका असली नाम ‘सोनिया सिंह’ है लेकिन फिल्मों में आने के बाद इनका नाम ‘नीतू सिंह’ हो गया और अभिनेता ऋषि कपूर के साथ शादी के बाद ये ‘नीतू कपूर’ बन गईं।
यह भी पढ़ें ; रणबीर ने कुछ इस तरह मनाया मां नीतू सिंह का बर्थडे, देखें तस्वीरें
चाइल्ड आर्टिस्ट के तौर पर की थी शुरुआत
नीतू सिंह ने महज 8 साल की उम्र में फिल्म सूरज से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट के रूप में फिल्मी करियर शुरू किया। इसके अलावा उन्होंने फिल्म ‘दस लाख’, ‘वारिस’, ‘पवित्र पापी’, ‘दो कलियां’, ‘घर घर की कहानी’ में बतौर बाल कलाकार काम किया। उन दिनों इनका स्क्रीन नेम ‘बेबी नीतू’ या ‘बेबी सोनिया’ हुआ करता था। सबसे खास बात यह है की ये सबसे मशहूर अभिनेत्री बैजन्तीमाल की डांस स्टूडेंट थी।
‘रिक्शावाला‘ से मिला लीड रोल
नीतू सिंह ने लीड एक्ट्रेस के तौर पर 1973 में आई फिल्म ‘रिक्शावाला’ से अपनी पारी की शुरुआत की थी। इसके अलावा उन्होंने ‘जहरीला इंसान’, ‘खेल खेल में ,’रफू चक्कर , ‘दीवार’, ‘कभी कभी’, ‘परवरिश’ ‘धरमवीर’ ,’कस्मे वादे’ सहित कई फिल्मों में काम किया।
यह भी पढ़ें ; जन्मदिन के बाद रणवीर सिंह का बन रहा मजाक
मैरिज लाइफ
इन्होंने अभिनेता ऋषि कपूर से 13 अप्रैल 1979 को शादी कर ली थी। शादी के बाद उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी थी। शादी के 26 साल बाद फिल्म ‘लव आज कल’ से नीतू कपूर ने कमबैक किया था। इनके दो बच्चे रणबीर कपूर और रिद्धिमा कपूर हैं।
असली हमसफर के साथ फिल्में
नीतू सिंह अपने पति ऋषि कपूर के साथ 12 फिल्मों में एक साथ काम करते नज़र आई। दोनों ने एक साथ कई सफल फिल्में की, जिनमें रफू चक्कर, अमर अकबर एंथोनी, दुनिया मेरी जेब में, बेशर्म और लव आजकल में उनके काम को काफी सराहा गया।